टीएनपी डेस्क(TNP DESK): दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बाद अब CJP 2 अक्टूबर को मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन की तैयारी में है. इस बार पार्टी की सबसे बड़ी मांग मुख्य चुनाव आयुक्त यानी CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर है. CJP ने मुंबई के लोगों से अपील की है कि वे 2 अक्टूबर को शिवाजी पार्क पहुंचें और प्रदर्शन में शामिल हों. इसके लिए पार्टी की ओर से मुंबई पुलिस से अनुमति भी मांगी गई थी, हालांकि पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है.
शिवाजी पार्क में प्रदर्शन की तैयारी
मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में 2 अक्टूबर को प्रदर्शन करने की योजना को लेकर CJP के कार्यकर्ता मंगलवार को मैदान में जगह देखने पहुंचे थे. पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर इस प्रदर्शन का ऐलान किया है. पार्टी की ओर से मुंबई के लोगों से भी प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की गई है. हालांकि, प्रदर्शन की तैयारी के बीच स्थानीय नागरिकों की ओर से भी इसका विरोध किया गया. शिवाजी पार्क के आसपास बड़ी संख्या में आवासीय इमारतें हैं. ऐसे में यहां किसी बड़े आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों की आपत्तियां सामने आती रही हैं.
मुंबई पुलिस ने नहीं दी अनुमति
प्रदर्शन को लेकर मुंबई पुलिस ने CJP को अनुमति देने से इनकार कर दिया है. पुलिस ने इसके लिए बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेशों और राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों का हवाला दिया है. पुलिस के मुताबिक शिवाजी पार्क में किसी आयोजन के लिए बीएमसी की अनुमति भी जरूरी है.
इसके अलावा ट्रैफिक व्यवस्था और आसपास के अस्पतालों तक आपातकालीन वाहनों की आवाजाही जैसे मुद्दों को भी अनुमति नहीं देने की वजह बताया गया है. पुलिस ने शिवाजी पार्क के साइलेंस जोन में शामिल होने का भी हवाला दिया है.
हालांकि अनुमति नहीं मिलने के बावजूद CJP की ओर से 2 अक्टूबर को जेल भरो आंदोलन का ऐलान किया गया है. पार्टी का कहना है कि उसका आंदोलन चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर है.
दिल्ली में भी 2 अक्टूबर को प्रदर्शन का आह्वान
सिर्फ मुंबई ही नहीं, दिल्ली में भी 2 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया गया है. नेहा बोरा और सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव समेत कई लोगों ने प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है. प्रदर्शन में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को मुद्दा बनाया गया है.
आयोजकों की ओर से दिल्ली पुलिस से प्रदर्शन की अनुमति भी मांगी गई है. नेहा बोरा का कहना है कि अगर अनुमति नहीं भी मिलती है, तब भी वे लोग प्रदर्शन करेंगे. ऐसे में दिल्ली में भी 2 अक्टूबर को होने वाले प्रदर्शन को लेकर स्थिति पर नजर बनी हुई है.
इससे पहले दिल्ली के जंतर-मंतर पर SIR और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन हो चुका है. अब 2 अक्टूबर को एक तरफ मुंबई के शिवाजी पार्क में CJP का प्रस्तावित आंदोलन है, तो दूसरी तरफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन का आह्वान किया गया है.
अब देखना होगा कि 2 अक्टूबर को होने वाले इन प्रदर्शनों में कितने लोग जुटते हैं और CEC के इस्तीफे की मांग को लेकर उठ रही इन आवाजों का आगे क्या असर देखने को मिलता है.