INDIA

बेंगलुरु में आज ‘कॉकरोच पार्टी’ करेगी कूच, अभिनेता प्रकाश राज भी होंगे शामिल

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): आज शाम 4 बजे बेंगलुरु में CJP के होने वाले प्रोटेस्ट में साउथ के अभिनेता प्रकाश राज शामिल होने जा रहे हैं.उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट साझा कर बेंगलुरु में होने वाले प्रदर्शन का समर्थन किया है. सीजेपी ने भी कार्यक्रम की पुष्टि की है. प्रकाश राज लंबे समय से भाजपा सरकार के आलोचक रहे हैं. इससे पहले दिल्ली में हुए पहले प्रदर्शन में उनके शामिल होने की चर्चा थी, लेकिन वह वहां नहीं पहुंच सके थे.

सीजेपी का विरोध प्रदर्शन अब देश के कई शहरों में फैल चुका है. 6 जून को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़े प्रदर्शन के बाद 11 जून को पुणे और 12 जून को लखनऊ में सभाएं आयोजित की गईं. 13 जून को पंजाब के अमृतसर में भी प्रदर्शन हुआ, जबकि रविवार को हैदराबाद में विरोध कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. हैदराबाद में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के भी प्रदर्शन को संबोधित करने की संभावना है.

अमृतसर में आयोजित सभा के दौरान पार्टी नेता दीपके ने घोषणा की कि 20 जून को दिल्ली में फिर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा. उनका कहना था कि नीट और सीबीएसई के छात्रों को न्याय दिलाना तथा परीक्षा प्रणाली में जवाबदेही तय करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है.

पुणे में आयोजित प्रदर्शन के दौरान दीपके ने कहा कि सरकार को छात्रों के हित और मंत्री के पद के बीच फैसला करना होगा. वहीं लखनऊ में उन्होंने छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन में भाग लेने और 20 जून को जंतर-मंतर पर होने वाले जुटान में शामिल होने की अपील की.

दिल्ली में हुए पहले प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा और छात्र शामिल हुए थे. कई स्कूली छात्र अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे थे. प्रदर्शनकारियों ने कॉकरोच मास्क पहनकर और हाथों में फूल लेकर विरोध दर्ज कराया, जिससे आंदोलन की अलग पहचान बनी.

बेंगलुरु में होने वाला प्रदर्शन इस अभियान का अगला बड़ा पड़ाव माना जा रहा है. प्रकाश राज की मौजूदगी से आंदोलन को और चर्चा मिलने की संभावना है. सीजेपी लगातार शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और छात्रों के लिए न्याय की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद कर रही है.