☰
INDIA

सुनील भारती मित्तल को मिलेगा फ्रांस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, जानिए क्यों हुआ चयन

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीनपी डेस्क (TNP DESK): भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक और चेयरमैन सुनील भारती मित्तल को फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘नाइट ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया जाएगा. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की ओर से दिया जाने वाला यह सम्मान 28 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली स्थित फ्रांस के दूतावास में आयोजित समारोह में दिया जाएगा. बता दें, इस सम्मान की शुरुआत नेपोलियन बोनापार्ट ने वर्ष 1802 में की थी. सुनील भारती मित्तल को यह सम्मान भारत और फ्रांस के बीच व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करने और टेलीकॉम व डिजिटल तकनीक के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए दिया जा रहा है. भारती एंटरप्राइजेज के बयान में इसकी जानकारी दी गई है.

बता दें, भारत में फ्रांस के राजदूत थियरी माथू ने कहा कि सुनील भारती मित्तल का फ्रांस से जुड़ाव वर्ष 1992 से है. उस समय एयरटेल की शुरुआत के दौरान फ्रांस की एक कंपनी ने भारत में मोबाइल सेवाएं शुरू करने के लिए भारती के साथ साझेदारी की थी. इसके बाद से दोनों देशों के बीच कारोबारी रिश्ते लगातार मजबूत हुए हैं. राजदूत के मुताबिक, मित्तल ने भारत और फ्रांस की कंपनियों के बीच सहयोग बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है. फिलहाल वह यूरोपीय सैटेलाइट कंपनी यूटेलसैट के उपाध्यक्ष के रूप में भी काम कर रहे हैं. अंतरिक्ष और डिजिटल तकनीक के क्षेत्र में भारत और फ्रांस के बीच सहयोग बढ़ रहा है. मित्तल ने इस सम्मान के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का आभार जताया है.

सुनील भारती मित्तल ने कहा कि वह भारत और फ्रांस के बीच व्यापारिक रिश्तों को और मजबूत करने के लिए काम करते रहेंगे. उन्होंने फ्रांस के साथ अपने पुराने संबंधों का भी जिक्र किया. मित्तल को इससे पहले भी कई बड़े सम्मान मिल चुके हैं. वर्ष 2007 में उन्हें भारत सरकार ने पद्म भूषण से सम्मानित किया था. इसके बाद वर्ष 2024 में ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय ने उन्हें ‘नाइट कमांडर ऑफ द मोस्ट एक्सीलेंट ऑर्डर ऑफ द ब्रिटिश एम्पायर’ यानी केबीई सम्मान दिया था. वह यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय नागरिक बने थे. अब फ्रांस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान उनके लिए एक और बड़ी उपलब्धि होगी.