INDIA

पहले पति को छत से दिया धक्का, फिर नसों में इंजेक्ट किया टॉयलेट क्लीनर, हैरान कर देगी यह वारदात

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): तेलंगाना के निजामाबाद जिले से एक ऐसा सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. यहां एक महिला पर आरोप है कि उसने अपने प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या की ऐसी साजिश रची, जिसकी क्रूरता सुनकर रोंगटे खड़े हो जाएं. पुलिस के मुताबिक, पहले पति को छत से धक्का दिया गया, लेकिन जब वह जिंदा बच गया तो अस्पताल में लगे IV कैनुला के जरिए उसकी नसों में कथित तौर पर टॉयलेट क्लीनर और एनेस्थीसिया इंजेक्ट कर दिया गया. इसके बाद घायल व्यक्ति को बिस्तर से नीचे गिरा दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई.

पुलिस जांच के अनुसार, यह मामला निजामाबाद जिले के मुगपाल मंडल के न्यालकल गांव का है. मृतक की पहचान प्रशांत के रूप में हुई है, जो हाल ही में खाड़ी देश में काम करने के बाद अपने घर लौटा था. बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी संध्या के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी दौरान संध्या की नजदीकियां अनिल नामक युवक से बढ़ गई थीं. पुलिस का दावा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था और प्रशांत उनके रिश्ते में सबसे बड़ी बाधा बन चुका था.

जांच में सामने आया कि आरोपी महिला और उसके प्रेमी ने अपने एक दोस्त वेंकट साई को भी इस साजिश में शामिल किया. योजना के तहत वेंकट साई प्रशांत से मिलने उसके घर पहुंचा. दोनों ने साथ बैठकर शराब पी और प्रशांत को तब तक शराब पिलाई गई, जब तक वह पूरी तरह नशे में नहीं हो गया. इसके बाद उसे घर की छत पर ले जाया गया. पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान संध्या लगातार फोन पर वेंकट साई के संपर्क में थी और उसे निर्देश देती रही. इसके बाद प्रशांत को छत से नीचे धक्का दे दिया गया. हालांकि, गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उसकी जान बच गई.

घायल प्रशांत को पहले सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर किया गया. कुछ समय बाद उसे वापस घर ले आया गया. पुलिस के अनुसार, यहीं आरोपी महिला ने अस्पताल में लगे IV कैनुला का इस्तेमाल करते हुए कथित तौर पर उसकी नसों में टॉयलेट साफ करने वाला लिक्विड और एनेस्थीसिया इंजेक्ट कर दिया. इसके बाद उसे बिस्तर से नीचे धकेल दिया गया. हालत बिगड़ने पर प्रशांत ने दम तोड़ दिया.

मामले की जांच के दौरान पुलिस को कई संदिग्ध तथ्य मिले, जिसके बाद संध्या, उसके प्रेमी अनिल और वेंकट साई को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में तीनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. इसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.म पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और हत्या में इस्तेमाल किए गए सभी साक्ष्यों को जुटाने में लगी हुई है. इस दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.