INDIA

राहत की खबर: कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर हुआ सस्ता, दाम में 183.50 रुपये की कटौती

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): महीने की शुरुआत कारोबारियों और होटल-रेस्टोरेंट संचालकों के लिए राहत भरी खबर लेकर आई है. तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में 183.50 रुपये की कटौती की है. नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं. नई कीमतों के मुताबिक, 19 किलोग्राम का कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब 2,930 रुपये में उपलब्ध होगा. इससे पहले इसकी कीमत 3,113.50 रुपये थी. कीमतों में आई इस कमी से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सीधा फायदा मिलेगा.

क्यों घटे गैस सिलेंडर के दाम?
तेल कंपनियों के अनुसार, देश में एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति को लेकर पहले से ही व्यापक इंतजाम किए गए हैं. इसी वजह से कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी का फैसला लिया गया है. बताते  चलें कि पश्चिम एशिया में तनाव और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़े संघर्ष के दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई थी. इसका असर भारत में भी देखने को मिला था और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई थी.

पेट्रोलियम आपूर्ति सामान्य होने से मिली राहत
हालिया समय में पश्चिम एशिया की स्थिति अपेक्षाकृत सामान्य होने और पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति सुचारु होने से ईंधन बाजार पर दबाव कम हुआ है. सरकार ने पेट्रोल और डीजल से जुड़े कुछ आपूर्ति प्रतिबंध भी हटा दिए हैं, जिससे ऊर्जा क्षेत्र में स्थिरता लौट रही है.

होटल-रेस्टोरेंट कारोबार को मिलेगा फायदा
कमर्शियल गैस सस्ती होने से होटल, रेस्टोरेंट, कैटरिंग और अन्य व्यवसायों की परिचालन लागत घटने की उम्मीद है. ऐसे में आने वाले दिनों में भोजन और कमर्शियल गैस पर आधारित अन्य सेवाओं की कीमतों पर भी इसका सकारात्मक असर देखने को मिल सकता है.