☰
INDIA

जाम छलकाना होगा सस्ता! ब्रिटिश स्कॉच के घट सकते हैं दाम, भारत-ब्रिटेन FTA से शराब के दामों पर पड़ेगा असर

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): भारत और ब्रिटेन के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते का असर अब प्रीमियम विदेशी शराब के बाजार पर भी देखने को मिल सकता है. इस समझौते के तहत ब्रिटेन से भारत आयात होने वाली स्कॉच व्हिस्की पर सीमा शुल्क में बड़ी राहत दी गई है. पहले जहां स्कॉच व्हिस्की पर 150 प्रतिशत आयात शुल्क लगता था, वहीं अब इसे घटाकर 75 प्रतिशत कर दिया गया है. अगले 10 वर्षों में शुल्क को धीरे-धीरे 40 प्रतिशत तक लाने की योजना है. इससे झारखंड के उन उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है, जो महंगी ब्रिटिश स्कॉच व्हिस्की खरीदते हैं.

भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौता (CETA) 15 जुलाई 2026 से लागू हो चुका है. इसके तहत ब्रिटेन में निर्मित और निर्धारित मूल प्रमाणन नियमों को पूरा करने वाले उत्पादों को आयात शुल्क में छूट मिलेगी. हालांकि, इस रियायत का लाभ सभी विदेशी शराब ब्रांडों को नहीं मिलेगा. शुल्क में कटौती का फायदा मुख्य रूप से ब्रिटेन से आयात होने वाले पात्र उत्पादों पर लागू होगा.

प्रीमियम स्कॉच के दाम घटने की उम्मीद
आयात शुल्क में कमी से बोतलबंद स्कॉच व्हिस्की की लागत कम हो सकती है. यदि कंपनियां इस बचत का लाभ ग्राहकों तक पहुंचाती हैं, तो बाजार में प्रीमियम स्कॉच की कीमतों में गिरावट देखने को मिल सकती है. ब्रिटेन से आने वाली जिन (Gin) पर भी समझौते के तहत शुल्क में राहत दी गई है, लेकिन इसकी दर स्कॉच व्हिस्की से अलग निर्धारित है.

रांची, जमशेदपुर और धनबाद के उपभोक्ताओं को मिल सकता है फायदा
झारखंड में ब्रिटिश स्कॉच और प्रीमियम विदेशी शराब के शौकीनों के लिए यह समझौता राहत भरा साबित हो सकता है. रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो समेत राज्य के अन्य शहरों में आयातित स्कॉच की कीमतों में कमी आने की संभावना है. हालांकि, शराब की खुदरा कीमत केवल आयात शुल्क से तय नहीं होती. झारखंड में आबकारी शुल्क, वैट, परिवहन लागत, वितरकों का मार्जिन और कंपनियों की मूल्य निर्धारण नीति भी कीमतों को प्रभावित करती है. ऐसे में आयात शुल्क कम होने के बावजूद दुकानों पर शराब के दाम तुरंत घट जाएं, इसकी गारंटी नहीं है. वास्तविक कीमतों में बदलाव राज्य सरकार की नई मूल्य सूची और कंपनियों के फैसले के बाद ही स्पष्ट होगा.

बल्क स्कॉच के आयात पर अब भी विवाद
FTA के बावजूद शराब कारोबार से जुड़ी कंपनियों के लिए बल्क स्कॉच व्हिस्की का मामला चुनौती बना हुआ है. ब्रिटेन से बड़ी मात्रा में स्कॉच व्हिस्की बोतलों के बजाय कंटेनरों में आयात की जाती है. भारतीय शराब निर्माता इसका इस्तेमाल देश में तैयार होने वाली ब्लेंडेड व्हिस्की में करते हैं. बल्क स्कॉच पर आयात शुल्क को लेकर सीमा शुल्क अधिकारियों और आयातकों के बीच मतभेद हैं. इसके वर्गीकरण को लेकर जारी विवाद के कारण कुछ मामलों में प्रभावी शुल्क और टैक्स का कुल बोझ 162.5 प्रतिशत तक पहुंच रहा है. ऐसे में बोतलबंद स्कॉच के लिए शुल्क में राहत मिलने के बावजूद बल्क स्कॉच के आयातकों को फिलहाल पूरी राहत मिलना मुश्किल नजर आ रहा है.