☰
INDIA

‘आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब’, PM मोदी ने मन की बात में सर्जिकल स्ट्राइक से ऑपरेशन सिंदूर तक का किया जिक्र

Mausam Muskan
Mausam Muskan
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति, जनगणना अभियान और नशा मुक्ति जैसे कई अहम विषयों पर देशवासियों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक रुख अपनाया है और दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया है कि देश अपनी सुरक्षा से समझौता नहीं करेगा.

सर्जिकल स्ट्राइक को बताया निर्णायक जवाब

प्रधानमंत्री ने 2016 में नियंत्रण रेखा (Loc) के पार भारतीय सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आतंकवाद के खिलाफ भारत की नई सोच और साहस का प्रतीक थी. उनके मुताबिक लंबे समय तक आतंकवादी हमलों का सामना करने के बाद भारत ने स्पष्ट कर दिया कि ऐसी घटनाओं का जवाब मजबूती से दिया जाएगा.

उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्रवाइयों ने यह संदेश दिया है कि यदि कोई आतंकी भारत के खिलाफ कार्रवाई करेगा तो उसे करारा जवाब मिलेगा. प्रधानमंत्री ने दोहराया कि आज भारत आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर आगे बढ़ रहा है.

जनगणना को बताया राष्ट्रीय जिम्मेदारी

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने देशभर में चल रही जनगणना प्रक्रिया का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि पहले चरण के तहत 32 करोड़ से अधिक परिवारों का विवरण दर्ज किया जा चुका है.

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के चमोली जिले के माणा गांव से इस अभियान की शुरुआत हुई, जिसे देश का पहला गांव माना जाता है.प्रधानमंत्री ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे जनगणना में सक्रिय सहयोग करें और उपलब्ध ऑनलाइन पंजीकरण सुविधा का भी उपयोग करें.  उन्होंने इसे हर नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व बताया.

युवाओं से नशा मुक्त भारत बनाने का आह्वान

प्रधानमंत्री मोदी ने नशा मुक्त युवा अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि देशभर के लाखों युवाओं ने नशे से दूर रहने का संकल्प लिया है.  उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल स्वयं नशे से बचने तक सीमित नहीं है, बल्कि दूसरे लोगों को भी जागरूक करने का प्रयास है.

उन्होंने बताया कि यह अभियान 100 सप्ताह तक चलेगा और इसका उद्देश्य युवाओं के बीच नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरण पैदा करना है.

बापू और अशोक सिंघल को किया याद

अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने महात्मा गांधी (बापू) के विचारों का स्मरण किया. साथ ही उन्होंने विश्व हिंदू परिषद के पूर्व नेता अशोक सिंघल को भी श्रद्धांजलि देते हुए उनके योगदान को याद किया.