INDIA

क्यों थाली-चम्मच लेकर जंतर-मंतर बुला रहे हैं दीपके,क्या है कॉकरोच पार्टी का नया प्लान

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज यानी 20 जून को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का बड़ा प्रदर्शन होने जा रहा है. यह पार्टी पिछले कुछ समय से परीक्षा में गड़बड़ी, पेपर लीक और छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव के खिलाफ आवाज उठा रही है. प्रदर्शन दोपहर 1 बजे से शुरू होगा और इसमें दिल्ली समेत आसपास के कई राज्यों से छात्र शामिल होने वाले हैं.

प्रदर्शन से पहले CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अपने समर्थकों से एक खास अपील की है. उन्होंने कहा है कि जो लोग जंतर-मंतर पहुंचें, वे अपने साथ थाली और चम्मच जरूर लेकर आएं. सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में उन्होंने कहा कि आगे क्या करना है, यह सभी जानते हैं.

कई लोग इसे साल 2020 के उस दौर से जोड़कर देख रहे हैं, जब कोरोना महामारी के समय लोगों से थाली और ताली बजाने की अपील की गई थी. हालांकि CJP ने सीधे तौर पर ऐसा नहीं कहा, लेकिन प्रदर्शन में थाली और चम्मच का इस्तेमाल सरकार के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध के रूप में देखा जा रहा है.

अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन से एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक खुला पत्र भी लिखा. इस पत्र में उन्होंने छात्रों की परेशानियों का जिक्र करते हुए कहा कि परीक्षा विवादों के कारण कई छात्र तनाव में हैं. उन्होंने दावा किया कि हाल के दिनों में कई छात्रों ने आत्महत्या जैसा बड़ा कदम उठाया है. उनका कहना है कि ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए.

दीपके ने मांग की है कि जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उन्हें एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए. साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग भी दोहराई है. उनका कहना है कि जब इतने बड़े स्तर पर छात्रों में नाराजगी और चिंता है तो जिम्मेदारी तय होना जरूरी है.

CJP का कहना है कि वह पिछले कई हफ्तों से देश के अलग-अलग हिस्सों में छात्रों की समस्याओं को लेकर आवाज उठा रही है. पार्टी का दावा है कि उसका उद्देश्य केवल छात्रों के लिए बेहतर और पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था की मांग करना है.

इस प्रदर्शन को लेकर एक और बड़ी खबर सामने आई है, सोनम वांगचुक ने भी जंतर-मंतर पहुंचने की बात कही है. उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए प्रदर्शन में शामिल होने का संदेश दिया है. इससे प्रदर्शन को और ज्यादा चर्चा मिल रही है.

अब सभी की नजर आज दोपहर जंतर-मंतर पर होने वाले इस प्रदर्शन पर टिकी है. देखने वाली बात होगी कि छात्रों की मांगों पर सरकार की क्या प्रतिक्रिया आती है और यह आंदोलन आगे किस दिशा में बढ़ता है.