मुंबई(MUMBAI): देश की राजधानी दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन में अब बॉलीवुड अपनी चुप्पी तोड़ रहा है. पहले सोनाक्षी सिन्हा प्रसिद्ध गायक अरजीत सिंह के बाद सलमान खान ने सोशल साइट एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया. जिसमें उन्होंने घायल छात्रों के प्रति संवेदना जताई है. साथ ही लिखा है कि देश में फैशन नही शिक्षा का ट्रेंड बढ़ना चाहिए.
सलमान खान ने लिखा कि यह आंदोलन बहुत शांतिपूर्ण था.यह देखकर बेहद दुख हुआ कि इसे हिंसक मोड़ लेना पड़ा.जिन छात्रों और उनके परिवारों को चोट पहुंची है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. पेपर लीक एक बहुत गंभीर मुद्दा है और मुझे यह देखकर खुशी हो रही है कि हमारे देश के बच्चे बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए एकजुट हुए हैं और उनके माता-पिता ने भी उनका साथ दिया.
मैं उनके इस कदम की दिल से सराहना करता हूं.उन्होंने अपने समर्पण, ईमानदारी और कड़ी मेहनत से पढ़ाई करने की इच्छा का परिचय दिया है, ताकि वे अपना भविष्य संवार सकें और एक बेहतर, शिक्षित भारत का निर्माण कर सकें. यह आंदोलन, यह विरोध प्रदर्शन, इसी तरह होना चाहिए और छात्रों ने इसे पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से किया है. वे बेहद साहसी और बहादुर हैं.शिक्षा के प्रति उनका यह जुनून और प्रेरणा आने वाली पीढ़ी को भारत का गौरव बनाएगी.
यह मुद्दा छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के बीच का है.इसे राजनीतिक रूप नहीं दिया जाना चाहिए. इसका पूरा श्रेय केवल हमारे देश के छात्रों को मिलना चाहिए. मुझे पूरा विश्वास है कि सरकार भी उनका पूरा सहयोग करेगी और शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाएगी. यह सभी के लिए फायदे की स्थिति है. मैं सकारात्मक निर्णय की उम्मीद और प्रार्थना करता हूं. भगवान आप सभी को आशीर्वाद दें, जो शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं.
शिक्षा ही अगला ट्रेंड और फैशन बनना चाहिए और हर साल यह और अधिक लोकप्रिय और आकर्षक होना चाहिए.इतना कि विदेशों से लोग भारत पढ़ने आएं और भारत दुनिया का एक प्रमुख शिक्षा केंद्र बन जाए.
