☰
INDIA

नारी शक्ति को सशक्त बनाने का हमारा संकल्प अटल, पीएम मोदी ने कहा- देश की महिलाओं से किया वादा करेंगे पूरा

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

नई दिल्ली: परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर सरकार ने विशेष सत्र बुलाया है. एक तरफ विपक्ष परिसीमन विधेयक को लेकर सरकार पर कई गंभीर आरोप लगा रहा है तो दूसरी तरफ पीएम मोदी ने महिलाओं को सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट के माध्यम से कहा कि देश की नारी शक्ति को सशक्त बनाने का मेरा संकल्प अटल है. देश की महिलाओं से किया गया वादा पूरा करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट किया कि नारी शक्ति के उत्थान और उन्हें नीति-निर्माण में उचित भागीदारी दिलाने के लिए सरकार हर जरूरी कदम उठा रही है. पीएम मोदी ने कहा कि हम महिलाओं के लिए 33% आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध हैं. इसके लिए दशकों से लड़ाई चल रही है और मैं भी उन लोगों में से एक हूं जिन्होंने इसके लिए संघर्ष किया है. हमने अपनी नारी शक्ति से एक वादा किया था और हम इसे पूरा करने के लिए संकल्पित हैं. प्रधानमंत्री का यह आश्वासन डिलिमिटेशन विधेयक को आगे बढ़ाने के केंद्र सरकार के नए प्रयासों के बीच आया है. केंद्र ने 2023 में पारित हुए महिला आरक्षण कानून को परिसीमन के साथ जोड़ा है.

इसके तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव रखा गया था. संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर को लोकसभा की बैठक के साथ शुरू होगा, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से होगी. सरकारी कामकाज की उपलब्धता के आधार पर इस विशेष सत्र के 3 दिसंबर को समाप्त होने की उम्मीद है.