☰
INDIA

यूपी में JDU को मजबूत करने का संकल्प, निशांत कुमार को युवाओं की उम्मीद बताया

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

वाराणसी: वाराणसी के करौता स्थित रामलीला मैदान में जनता दल (यूनाइटेड) के विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में बिहार सरकार के मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के प्रभारी श्रवण कुमार, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार तथा पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद संजय कुमार झा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया. श्रवण कुमार ने कहा कि जिस तरह नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विकास और सुशासन की नई पहचान बनी है, उसी तरह उत्तर प्रदेश में भी जदयू को मजबूत करना है. उन्होंने निशांत कुमार को युवाओं की आशा बताते हुए उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं से उन्हें स्नेह और आशीर्वाद देने की अपील की. उन्होंने बिहार में हर घर नल का जल, बिजली, बालिका साइकिल योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड और महिला सशक्तिकरण जैसे कार्यों को नीतीश कुमार जी की दूरदर्शी सोच का परिणाम बताया.

नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में हुआ काफी विकास

निशांत कुमार ने कहा कि जनता दल (यू) महात्मा गांधी, बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर, कर्पूरी ठाकुर, डॉ लोहिया और लोकनायक जयप्रकाश नारायण के विचारों पर चलने वाली पार्टी है. सामाजिक न्याय, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्य और समावेशी विकास पार्टी की प्राथमिकताएं हैं. उन्होंने कहा कि राजनीति पद और प्रतिष्ठा का नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है. उन्होंने नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में पिछले 20 वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, ऊर्जा, महिला सशक्तिकरण और जीविका के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख किया. पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण, सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण, जीविका के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा जल-जीवन-हरियाली अभियान जैसी पहलों को बिहार के विकास की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया.

जदयू एनडीए का सहयोगी बन लड़ेगी यूपी में चुनाव

उत्तर प्रदेश के राजनीतिक परिदृश्य पर उन्होंने कहा कि जदयू एनडीए के सहयोगी दल के रूप में वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने का प्रयास करेगी. इस संबंध में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में विचार-विमर्श चल रहा है और जल्द निर्णय लिया जाएगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर जनता से संवाद करने, किसानों की समस्याएं उठाने और युवाओं के रोजगार के लिए काम करने का आह्वान किया. संजय कुमार झा ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव उत्तर प्रदेश में पार्टी संगठन की महत्वपूर्ण परीक्षा होगी. यदि पार्टी चार से छह विधायक भी निर्वाचित कराने में सफल होती है तो प्रदेश में संगठन विस्तार को नई गति मिलेगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से नीतीश कुमार जी की विकासपरक नीतियों और बिहार मॉडल को गांव-गांव तथा बूथ स्तर तक पहुंचाने की अपील की. उन्होंने उत्तर प्रदेश में संगठन मजबूत करने के लिए श्रवण कुमार के प्रयासों की सराहना भी की.

सैकड़ों लोगों ने ग्रहण की सदस्यता

सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में चार से छह विधायक बनाने का लक्ष्य लेकर संगठन को मजबूत किया जा रहा है. इस अवसर पर वाराणसी के बछांव गांव से अभिषेक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों सहित गोरखपुर और गाजीपुर से आए अनेक लोगों ने जनता दल (यू) की सदस्यता ग्रहण की. श्रवण कुमार ने सभी नए सदस्यों का स्वागत एवं अभिनंदन किया. सम्मेलन में बिहार सरकार के मंत्री जमा खान, सांसद कौशलेंद्र कुमार, सांसद सुनील कुमार, पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला, पूर्व मंत्री अजीत चौधरी, विधायक अमरेंद्र पांडेय, विधायक राहुल सिंह, पूर्व सांसद विजय मांझी सहित बिहार एवं उत्तर प्रदेश के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

सम्मेलन में उत्तर प्रदेश में जदयू संगठन को मजबूत बनाने, बिहार के विकास मॉडल को जन-जन तक पहुंचाने और 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराने का संकल्प व्यक्त किया गया.