TNPDESK:भारत के स्वदेशी एडवांस्ड फाइटर जेट प्रोग्राम AMCA यानी Advanced Medium Combat Aircraft के लिए बड़ी खबर है. रिलायंस इंडस्ट्रीज और ब्रिटेन की रोल्स-रॉयस ने भारत में स्वदेशी कॉम्बैट एयरक्राफ्ट इंजन के डिजाइन, विकास, निर्माण और सप्लाई के लिए रणनीतिक साझेदारी की मंशा जाहिर की है. इस साझेदारी के तहत दोनों कंपनियां भारत में एक समर्पित Aerospace Gas Turbine Complex बनाने की संभावनाएं तलाशेंगी. यह कॉम्प्लेक्स भारत में पावर और प्रोपल्शन टेक्नोलॉजी का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनने की दिशा में काम करेगा.
डिजाइन से लेकर निर्माण और टेस्टिंग तक भारत में क्षमता
रिलायंस और रोल्स-रॉयस की योजना के मुताबिक, इस साझेदारी के जरिए AMCA इंजन के लिए भारत में डिजाइन, डेवलपमेंट, मैन्युफैक्चरिंग, टेस्टिंग, प्रोडक्शन और लंबे समय तक सपोर्ट की पूरी क्षमता विकसित करने का लक्ष्य है.
यानी कोशिश सिर्फ इंजन बनाने तक सीमित नहीं होगी, बल्कि भारत में एयरो-इंजन की पूरी स्वदेशी क्षमता और इकोसिस्टम तैयार करने की है.
रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने कहा कि रणनीतिक आत्मनिर्भरता के लिए महत्वपूर्ण तकनीकों में भारत की अपनी क्षमता जरूरी है. रिलायंस और रोल्स-रॉयस की विशेषज्ञता को मिलाकर भारत में स्वदेशी एयरो-इंजन इकोसिस्टम तैयार करने का लक्ष्य है.
वहीं, रोल्स-रॉयस के CEO तुफान एर्गिनबिल्गिच ने कहा कि रिलायंस के साथ मिलकर काम करने का यह अवसर भारत में मजबूत और आत्मनिर्भर एयरोस्पेस इकोसिस्टम तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है.
डिफेंस के साथ सिविल एविएशन में भी सहयोग की संभावना
दोनों कंपनियों के मुताबिक, यह साझेदारी भविष्य में डिफेंस, सिविल एयरोस्पेस और नई पावर एवं प्रोपल्शन टेक्नोलॉजी के क्षेत्रों में व्यापक सहयोग के रास्ते भी खोल सकती है.
यह पूरा प्रयास भारत के ‘आत्मनिर्भर भारत’ विजन के तहत एडवांस्ड प्रोपल्शन टेक्नोलॉजी में देश की क्षमता बढ़ाने और भारत को वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.
