पटना: छठ महापर्व के अवसर पर घर लौटने वाले बिहार के प्रवासी लोगों की मुश्किलें कम होने की जगह बढ़ती ही जा रही है. एक तरफ ट्रेन और बसों में टिकट की मारामारी है तो दूसरी तरफ किसी तरह सवार हो भी गए तो अब रफ्तार पर ही ब्रेक लग गया है. आलम यह है कि दिल्ली, मुंबई, बैंगलोर समेत कई शहरों से बिहार आने वाली ट्रेनों की रफ़्तार धीमी हो गई है जिससे कई घंटे की देरी से परिचालन किया जा रहा है. यह हालत सिर्फ विशेष या आम ट्रेनों की नहीं बल्कि राजधानी और गरीब रथ जैसी ट्रेनों की भी है. ट्रेन देरी से चलने की वजह से उसमें सफर कर रहे यात्रियों की परेशानी बढ़ती ही जा रही है. तेजस राजधानी, संपूर्ण क्रांति, मगध एक्सप्रेस और गरीब रथ जैसी प्रमुख ट्रेनें भी प्रभावित हैं. नई दिल्ली से राजेंद्रनगर जाने वाली तेजस राजधानी करीब 8 घंटे लेट है. वहीं, आनंद विहार से भागलपुर जाने वाली स्पेशल ट्रेन 11 घंटे की देरी से चल रही है.
मिट्टी धंसने से रुका परिचालन
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में रेलवे निर्माण कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से परिचालन प्रभावित हुई है. इसकी वजह से कई ट्रेनों के रूट को बदला गया है. रूट बदलने और ट्रेनों के अतिरिक्त यात्रा की वजह से परिचालन में देरी बढ़ती ही जा रही है. जानकारी के अनुसार मिर्जापुर-झिंगुरा रेलखंड पर आमघाट के पास खजुरी नदी पर तीसरी रेल लाइन के लिए पुल बनाया जा रहा था. इसी दौरान अचानक मिट्टी धंस गई. इसकी चपेट में रेलवे का इलेक्ट्रिक पोल, मशीनरी और जनरेटर आ गए. ये सभी नीचे गिर गए.
रेलवे अधिकारी जुटे परिचालन बहाल करने में
बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी से मिट्टी की खुदाई की जा रही थी. इसी दौरान जमीन धंस गई. घटना शाम करीब 6 बजकर 20 मिनट पर हुई. इसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली-कोलकाता रेल रूट की डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया. हालांकि, अप लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही जारी रही. घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची. इंजीनियरिंग और पुल निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने मरम्मत का काम शुरू कर दिया. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, डाउन लाइन पर परिचालन रोकने और रूट में बदलाव के कारण ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है. इस रूट से दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच बड़ी संख्या में ट्रेनें गुजरती हैं.
ये ट्रेनें चल रही घंटों लेट
मिर्जापुर में रेल परिचालन प्रभावित होने का असर बिहार आने वाली ट्रेनों पर पड़ा है. नई दिल्ली से राजेंद्रनगर जाने वाली तेजस राजधानी करीब 8 घंटे की देरी से चल रही है. वहीं, नई दिल्ली-राजेंद्रनगर संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस 5 घंटे और नई दिल्ली-इस्लामपुर मगध एक्सप्रेस करीब 4 घंटे 30 मिनट लेट है. आनंद विहार-जयनगर गरीब रथ भी 8 घंटे की देरी से चल रही है. इसके अलावा लोकमान्य तिलक-भागलपुर एक्सप्रेस 4 घंटे 30 मिनट, दिल्ली-भागलपुर ब्रह्मपुत्र मेल 3 घंटे 30 मिनट और सूरत-भागलपुर ताप्तीगंगा एक्सप्रेस 3 घंटे 45 मिनट लेट है. बेंगलुरु-रक्सौल स्पेशल 8 घंटे और सवाई माधोपुर-राजगीर स्पेशल 6 घंटे की देरी से चल रही है. आनंद विहार-भागलपुर स्पेशल सबसे ज्यादा करीब 11 घंटे लेट है. भागलपुर-आनंद विहार स्पेशल भी 10 घंटे की देरी से चल रही है. दिल्ली-दरभंगा स्पेशल 3 घंटे और आसनसोल-उधना स्पेशल करीब 1 घंटे लेट है. लोकमान्य तिलक-भागलपुर एक्सप्रेस और दूसरी ट्रेनों के यात्रियों को भी इंतजार करना पड़ रहा है.
इन ट्रेनों के बदले गए रूट
डाउन लाइन पर परिचालन रोकने के बाद रेलवे ने ट्रेनों को सुरक्षित निकालने के लिए कई के रास्ते बदल दिए हैं. हावड़ा-दूरंतो एक्सप्रेस, महाबोधि एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस, वंदे भारत, राजधानी और संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों को प्रयागराज, वाराणसी और लखनऊ के रास्ते डायवर्ट किया गया है. रूट बदलने के कारण ट्रेनों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है. इसके साथ ही परिचालन का पूरा शेड्यूल प्रभावित हुआ है. इसका असर आगे चलने वाली दूसरी ट्रेनों पर भी पड़ रहा है.