टीएनपी डेस्क (TNP DESK):कहा जाता है कि भगवान हर जगह सभी के लिए उपलब्ध नहीं हो सकते, इसलिए उन्होंने हर घर में मां बनाई है. लेकिन कलयुग के इस दौर में मां की ममता का स्वरूप भी बदलता नजर आ रहा है, जहां कुछ कलयुगी महिलाएं अपनी हवस और गलत आचरण का शिकार अपने ही मासूम बच्चों को बना रही हैं. दरअसल, एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने मां और बच्चे के रिश्ते को कलंकित कर दिया. बताया जा रहा है कि एक मां ने अपने 3 साल के मासूम बेटे को इसलिए मार डाला, क्योंकि वह प्रेमी से बात करते समय बार-बार डिस्टर्ब करता था, रोता था और शोर मचाता था.
पढ़िये कहां का है मामला
यह पूरा मामला यूपी के मथुरा का है, जहां एक शादीशुदा महिला, जो 3 साल के बच्चे की मां है, उसे अपने प्रेमी से बात करना इतना ज्यादा जरूरी लगा कि बच्चे को रोता देख उसे गुस्सा आ गया. गुस्से में उसने बिना कुछ सोचे-समझे अपने बच्चे का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. यह घटना बलदेव के छौली गांव की है. इस घटना ने अब सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर हमारा समाज जा कहां रहा है. शादी के बाद भी लोगों में एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर रखने की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है. अब यह सब आम बात होती जा रही है, जिसका खामियाजा मासूम बच्चों को भुगतना पड़ रहा है. अब एक मां को अपने बच्चे से भी वह लगाव नहीं रह गया है, जो पहले हुआ करता था. हालांकि, हम हर मां के बारे में ऐसा नहीं कह रहे हैं.
इसका तरह हुआ खुलासा
मृतक के पिता यानी आरोपी महिला के पति ने बताया कि शाम करीब 5 बजे उसकी पत्नी फोन पर बात कर रही थी और उसका बेटा कई बार जगाने के बाद भी नहीं उठ रहा था. इसके बाद वह अपने बेटे को लेकर मथुरा के एक निजी अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. कुछ दिन बाद पति ने अपनी पत्नी को फोन पर किसी युवक से बात करते हुए सुन लिया.
इस दौरान वह अपने प्रेमी से बेटे की हत्या की बात बता रही थी. इसके बाद पति ने उससे पूछताछ की. पहले तो पत्नी ने काफी आनाकानी की, लेकिन सख्ती से पूछने पर उसने बताया कि वह पिछले कई दिनों से एक युवक से फोन पर बात करती थी, जिससे उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था. उसका बेटा बात करते समय शोर मचाता था, जिससे वह नाराज हो जाती थी. गुस्से में उसने अपने बेटे का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद आरोपी महिला के पति ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया.
