INDIA

जंतर-मंतर विवाद में आया नया मोड़, 72 घंटे में आरोपियों पर पुलिस कार्रवाई करने का सीजेपी ने किया दावा

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टिएनपी डेस्क (TNP DESK): दिल्ली के जंतर-मंतर पर जुलाई में हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान छात्र कार्यकर्ता निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ हुई मारपीट का मामला एक बार फिर गरमा गया है. शुक्रवार 4 सितंबर को कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP के कार्यकर्ताओं ने संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि मामले में दर्ज प्राथमिकी की दोबारा जांच की जाए, गंभीर धाराएं जोड़ी जाएं और आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को जल्द गिरफ्तार किया जाए.

कई घंटे तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत चली. इसके बाद सीजेपी की ओर से दावा किया गया कि दिल्ली पुलिस ने उनकी मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिया है. संगठन के मुताबिक पुलिस ने आरोपी को 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है.

हालांकि, पुलिस का इस पूरे मामले को लेकर अपना अलग पक्ष है. पुलिस का कहना है कि मामले में अब तक की कार्रवाई मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई है.

प्राथमिकी में गंभीर धाराएं जोड़ने की मांग

CJP के नेताओं का कहना है कि संजय कुमार के साथ हुई घटना को सिर्फ सामान्य मारपीट मानकर कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए. संगठन ने प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 306, धारा 326 और अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण कानून के तहत धाराएं जोड़ने की मांग की.

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि घटना के काफी समय बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. उनका कहना है कि आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह घटना को लेकर बात करता दिखाई देता है. इसी को लेकर सीजेपी ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए.

संगठन ने यह भी मांग की है कि घटना के समय आरोपी के साथ मौजूद दूसरे लोगों की भी पहचान की जाए और उनकी भूमिका की जांच हो.

हत्या के प्रयास की धारा लगाने की मांग

संजय कुमार की ओर से भी मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की गई थी. उनके कानूनी प्रतिनिधियों का कहना था कि चोट की गंभीरता को देखते हुए हत्या के प्रयास से जुड़ी धारा भी लगाई जानी चाहिए.

सीजेपी का आरोप है कि संजय कुमार को लगी चोट काफी गंभीर थी और पुलिस ने मामले में उचित धाराएं नहीं लगाईं. संगठन ने यह भी कहा कि परिवार की ओर से घटना में शामिल दूसरे लोगों की पहचान करने की मांग की गई थी.

लेकिन चोट की गंभीरता को लेकर पुलिस की बात इससे अलग है.

पुलिस ने चोट को लेकर क्या कहा

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 23 जुलाई को जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान संजय कुमार को झड़प में सिर पर चोट लगी थी. पुलिस का कहना है कि चोट एक आरोपी के हाथ में पहने धातु के कड़े से लगी थी.

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद संजय कुमार को राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी चिकित्सकीय जांच हुई. पुलिस का कहना है कि डॉक्टरों ने चोट को सामान्य प्रकृति का बताया था. पुलिस ने यह भी कहा कि मेडिकल रिपोर्ट में सिर की हड्डी टूटने की पुष्टि नहीं हुई है.

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था. जांच के दौरान सूरज कुमार और स्वतंत्र भारद्वाज से पूछताछ की गई और दोनों को नोटिस भी दिए गए.