Tnp desk: LPG गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए बेहद जरूरी खबर है. 1 सितंबर 2026 से LPG से जुड़े कुछ अहम नियमों में बदलाव किया जाएगा. इसका असर ग्राहकों पर पड़ सकता है. ऐसे में सिलेंडर बुक करने से पहले आपको इन नियमों की जानकारी जरूर होनी चाहिए.
दरअसल घरेलू LPG ग्राहकों के लिए e-KYC को लेकर 31 अगस्त 2026 तक की डेडलाइन तय की गई है. तेल कंपनियों की ओर से ग्राहकों को आधार आधारित बायोमेट्रिक e-KYC पूरा करने की सलाह दी गई है. जिन ग्राहकों की e-KYC प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है, उन्हें आगे LPG रिफिल लेने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
इसके अलावा हर महीने की पहली तारीख को तेल मार्केटिंग कंपनियां LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं. ऐसे में 1 सितंबर को घरेलू और कमर्शियल LPG सिलेंडर के नए दाम जारी किए जा सकते हैं. हालांकि कीमत में बढ़ोतरी होगी या कटौती इसका फैसला कंपनियों की ओर से जारी नए रेट के बाद ही पता चलेगा.
मौजूदा व्यवस्था के तहत शहरी इलाकों में घरेलू सिलेंडर की अगली बुकिंग के लिए करीब 25 दिन और ग्रामीण इलाकों में 45 दिन का अंतर रखा गया है. यानी तय अवधि पूरी होने से पहले दोबारा सिलेंडर बुक करने पर सिस्टम बुकिंग को स्वीकार नहीं कर सकता.
सिलेंडर की डिलीवरी के समय OTP या Delivery Authentication Code की प्रक्रिया भी महत्वपूर्ण है. रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आने वाले कोड के जरिए डिलीवरी को वेरिफाई किया जाता है. इसलिए LPG कनेक्शन में मोबाइल नंबर अपडेट रखना ग्राहकों के लिए जरूरी है.
ऐसे में अगर आप सितंबर महीने में LPG सिलेंडर बुक करने वाले हैं तो सबसे पहले अपनी e-KYC की जरूर चेक कर लें साथ ही रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर एक्टिव रखें और बुकिंग के बाद मिलने वाले OTP को डिलीवरी के समय ही साझा करें. इससे सिलेंडर की डिलीवरी में कोई परेशानी नहीं होगी.
