INDIA

NEET परीक्षा के तनाव ने ली फिर एक छात्र की जान, मां के लिए वीडियो संदेश छोड़ गया 18 वर्षीय सुशील

Rashmi Prasad CE
Copy Editor

टीनपी डेस्क (TNP DESK): महाराष्ट्र के हिंगोली जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां NEET परीक्षा को लेकर तनाव में चल रहे 18 वर्षीय छात्र सुशील विलास धागे की मौत हो गई. अष्टविनायक नगर निवासी सुशील पढ़ाई में बेहद मेधावी था और डॉक्टर बनने का सपना देख रहा था. उसने 10वीं की परीक्षा में 92 प्रतिशत अंक हासिल किए थे और लंबे समय से NEET की तैयारी कर रहा था. पुलिस के अनुसार, हाल ही में हुई NEET परीक्षा उसकी उम्मीदों के अनुरूप नहीं रही, जिसके बाद वह मानसिक दबाव में था. मंगलवार शाम वह घर से लापता हो गया. घर छोड़ने से पहले उसने अपनी मां के लिए एक भावुक वीडियो संदेश भेजा, जिसमें उसने उनसे माफी मांगी और परिवार का ख्याल रखने की बात कही. वीडियो मिलने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका.

बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने रेलवे परिसर के पास स्थित एक कुएं के निकट युवक के शव होने की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और उसकी पहचान सुशील धागे के रूप में की गई. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. हिंगोली शहर पुलिस थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि छात्र परीक्षा को लेकर काफी तनाव में था. पुलिस वीडियो संदेश और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आ सके.

इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. सुशील के पिता विलास धागे का करीब छह महीने पहले बीमारी के कारण निधन हो गया था, जिसके बाद परिवार पहले से ही कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहा था. मां शीतल धागे ने भी पुलिस को बताया कि उनका बेटा परीक्षा को लेकर काफी चिंतित रहता था. यह घटना छात्रों पर बढ़ते शैक्षणिक दबाव और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों को फिर से सामने लाती है. विशेषज्ञों का मानना है कि परीक्षा के परिणाम या असफलता जीवन का अंतिम सच नहीं होते और तनाव महसूस होने पर परिवार, दोस्तों या पेशेवर सलाहकारों से सहायता लेना बेहद जरूरी है.