INDIA

मुंबई: भिवंडी में बड़ा हादसा, 4 मंजिला इमारत गिरने से 9 लोगों की मौत

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

मुंबई(MUMBAI): महाराष्ट्र के भिवंडी से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. यहां भंडारी कंपाउंड इलाके में एक चार मंजिला इमारत का बड़ा हिस्सा अचानक गिर गया. हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई थी. राहत और बचाव टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. अब तक इस हादसे में 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है.

इमारत अचानक ढही

यह हादसा भिवंडी के नारपोली थाना क्षेत्र के गंगाराम वाड़ी इलाके में हुआ. यहां मौजूद कोहिनूर बिल्डिंग का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

जानकारी के मुताबिक, इस इमारत को पहले ही भिवंडी-निजामपुर नगर निगम ने खतरनाक घोषित कर दिया था. प्रशासन ने लोगों से इमारत खाली करने को कहा था. ज्यादातर लोग वहां से जा चुके थे. लेकिन कुछ लोग मरम्मत के काम के लिए इमारत में मौजूद थे.

मलबे में दबे लोगों को निकालने में जुटीं टीमें

हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड. एनडीआरएफ. पुलिस और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंच गईं. इसके बाद तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया.

रेस्क्यू टीमों ने मलबा हटाकर लोगों की तलाश शुरू की. इस दौरान कई लोगों को बाहर निकाला गया. वहीं मलबे से 9 लोगों के शव बरामद किए गए हैं. बचाव कार्य अभी भी जारी है.

प्रशासन ने संभाली स्थिति

हादसे के बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल से दूर रहें और राहत कार्य में बाधा न डालें.

भिवंडी-निजामपुर नगर निगम के मेयर नारायण चौधरी ने बताया कि प्रशासन की पूरी टीम मौके पर मौजूद है. बचाए गए लोगों के रहने के लिए अस्थायी व्यवस्था की गई है. उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियां मिलकर लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटी हैं.

विधायक ने दी हादसे की जानकारी

भिवंडी पश्चिम के विधायक महेश चौगुले ने बताया कि हादसा कोहिनूर बिल्डिंग में हुआ है. उन्होंने कहा कि इमारत को पहले ही खतरनाक घोषित किया गया था और ज्यादातर लोगों ने इसे खाली कर दिया था.

उन्होंने बताया कि हादसे के समय ग्राउंड फ्लोर पर कुछ लोग काम कर रहे थे. आशंका है कि उन्हीं में से कुछ लोग मलबे में फंस गए.

फिलहाल प्रशासन की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं. अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी.