INDIA

मुंबई में ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 3.5 करोड़ की हेरोइन के साथ 29 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीनपी डेस्क (TNP DESK): मुंबई के जोगेश्वरी ईस्ट में ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए MIDC पुलिस ने 302 ग्राम हेरोइन बरामद की है. पुलिस के मुताबिक, जब्त की गई हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 50 लाख रुपये है. मामले में पुलिस ने 29 वर्षीय तौशीफ लियाकत काजी को गिरफ्तार किया है. पुलिस को शक है कि आरोपी इलाके में ड्रग्स सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़ा हुआ था. फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की आगे की कड़ियों का पता लगाने में जुटी है.

पुलिस के अनुसार, MIDC पुलिस स्टेशन की एंटी-नारकोटिक्स टीम 22 अगस्त की रात इलाके में गश्त कर रही थी. 23 अगस्त की रात करीब 12 बजकर 10 मिनट पर टीम जोगेश्वरी ईस्ट के पूनम नगर इलाके में हेमंत करकरे गार्डन के गेट के पास पहुंची. इसी दौरान पुलिस को एक युवक संदिग्ध हालत में घूमता दिखाई दिया. पुलिस का कहना है कि टीम को देखकर युवक वहां से तेजी से निकलने की कोशिश करने लगा. संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की, लेकिन उसके जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए.

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने पास हेरोइन होने की जानकारी दी. इसके बाद NDPS एक्ट के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें 302 ग्राम हेरोइन बरामद हुई. मामले में NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर MIDC इलाके में हेरोइन की सप्लाई करता था. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसे इतनी बड़ी मात्रा में ड्रग्स कौन उपलब्ध कराता था और इस नेटवर्क में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.