टिएनपी डेस्क (TNP DESK): मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में सेना और असम राइफल्स के संयुक्त ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों और उग्रवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई. इस कार्रवाई में यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी यानी UKNA के दो उग्रवादी मारे गए, जबकि दो और घायल हो गए. मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है.
सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और कॉम्बैट यूनिफॉर्म बरामद की है. आसपास के जंगलों में भी उग्रवादियों की तलाश की जा रही है.
खुफिया सूचना पर शुरू हुआ ऑपरेशन
अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षाबलों को चुराचांदपुर जिले के हेंगलेप सब-डिविजन के फाइबोंग गांव में UKNA के कैंप की मौजूदगी के बारे में खुफिया जानकारी मिली थी. इसके बाद सेना और असम राइफल्स ने 29 अगस्त की रात संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया.
सुरक्षाबलों ने पहले कैंप और उसके आसपास होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी. इसके बाद 2 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे जवान सावधानी के साथ कैंप की तरफ बढ़ने लगे. इसी दौरान सुबह करीब 5.30 बजे UKNA के सदस्यों ने सुरक्षाबलों पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी. इसके जवाब में जवानों ने भी फायरिंग की.
मुठभेड़ के बाद UKNA के दो उग्रवादियों के मारे जाने और दो अन्य के घायल होने की जानकारी सामने आई. असम राइफल्स ने भी सोशल मीडिया के जरिए इसकी पुष्टि की.
बताया जा रहा है कि UKNA केंद्र सरकार, मणिपुर सरकार और कई कुकी और जोमी सशस्त्र संगठनों के बीच हुए Suspension of Operations यानी SoO समझौते का हिस्सा नहीं है.
मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया. आसपास के जंगलों में अन्य उग्रवादियों के छिपे होने की आशंका को देखते हुए अभियान जारी है. सुरक्षाबल इलाके की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.