INDIA

मध्य प्रदेश में बड़ा रेल हादसा: खजुराहो-उदयपुर एक्सप्रेस में आग की अफवाह के बाद ट्रेन से कूदे यात्री, मासूम समेत 4 की मौत

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
मध्य प्रदेश में बड़ा रेल हादसा: खजुराहो-उदयपुर एक्सप्रेस में आग की अफवाह के बाद ट्रेन से कूदे यात्री, मासूम समेत 4 की मौत

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. रविवार शाम करीब 4:15 बजे सरायछौला थाना क्षेत्र के हेतमपुर-धौलपुर रेलखंड पर एक अफवाह ने चार जिंदगियां लील लीं. दरअसल, गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के जनरल कोच में किसी यात्री द्वारा अलार्म चेन पुलिंग (ACP) की गई, जिससे ट्रेन बीच रास्ते में ही रुक गई. इसी दौरान ट्रेन के एक डिब्बे में मोबाइल से धुआं निकलने की बात सामने आई, जिसने देखते ही देखते आग लगने की अफवाह का रूप ले लिया. डिब्बे में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई, जिससे घबराकर कई यात्रियों ने सूझबूझ खो दी और अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से नीचे छलांग लगा दी.

ट्रेन से उतरकर भाग रहे ये यात्री इस बात से पूरी तरह अनजान थे कि मौत उनके बेहद करीब है. जैसे ही वे घबराहट में समानांतर रेलवे ट्रैक (Parallel Track) पर पहुंचे, तभी आगरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस वहां से गुजरी. ट्रैक पर मौजूद यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से तीन महिलाओं और एक मासूम बच्चे की मौके पर ही कटकर दर्दनाक मौत हो गई. इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर चीख-पुकार मच गई और चारों ओर मातम पसर गया.

घटना की भयावहता को देखते हुए रेलवे प्रशासन, आरपीएफ (RPF), जीआरपी (GRP) और स्थानीय पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर उनकी शिनाख्त की. मृतकों की पहचान आगरा निवासी आफरीन (35), उनके चार वर्षीय बेटे असद खान, रुनकता (आगरा) की शकुंतला (60) और बीकानेर (राजस्थान) की विरमा देवी (60) के रूप में हुई है. रेलवे अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित यात्रियों को हर संभव आवश्यक सहायता और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. इस दर्दनाक घटनाक्रम की गहराई से जांच के आदेश दे दिए गए हैं कि आखिर यह जानलेवा अफवाह किसने और कैसे फैलाई.