INDIA

मुंबई के मानखुर्द में बड़ा हादसा, तीन मंजिला ईमारत गिरी,6 की मौत जबकि कई घायल`

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीनपी डेस्क (TNP DESK): मुंबई के मानखुर्द इलाके में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब जनता नगर स्थित एक बहुमंजिला झोपड़ीनुमा संरचना अचानक भरभराकर गिर गई. हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक व्यक्ति घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है.

दरअसल, यह घटना रात करीब 8:30 बजे हनुमान मंदिर के पीछे स्थित जनता नगर में हुई, जहां ग्राउंड प्लस तीन मंजिला संरचना वाली दो से तीन झोपड़ियां अचानक ढह गईं. हादसे के समय कई लोग अंदर मौजूद थे, जिसके कारण मलबे में लोगों के दबने की आशंका जताई गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, बीएमसी के वार्ड कर्मचारी और 108 एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं. फायर ब्रिगेड ने रात 9:07 बजे लेवल-1 रेस्क्यू ऑपरेशन घोषित कर मलबे में फंसे लोगों को निकालने का अभियान शुरू किया. शुरुआती जानकारी में चार से पांच लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन राहत अभियान के दौरान कई लोगों को बाहर निकाला गया. बचाव दल ने भारी मशक्कत के बाद मलबा हटाया और घायलों व मृतकों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. राहत और बचाव अभियान देर रात तक लगातार जारी रहा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मलबे में कोई अन्य व्यक्ति फंसा न रह गया हो.

बीएमसी के अनुसार, शताब्दी अस्पताल में अब तक पांच लोगों को मृत अवस्था में लाया गया, जिनमें चार महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं. इसके अलावा एक अन्य व्यक्ति की भी मौत की पुष्टि होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई. एक घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है और उसकी स्थिति पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है. फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है. प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि संरचना किन परिस्थितियों में गिरी.