INDIA

तनाव-डिप्रेशन से जूझ रहे लोगों के लिए बड़ी राहत, केंद्र सरकार ने लॉन्च की नई डिजिटल सेवा, ऐसे मिलेगी मदद

Varsha Varma CE
Copy Editor
तनाव-डिप्रेशन से जूझ रहे लोगों के लिए बड़ी राहत, केंद्र सरकार ने लॉन्च की नई डिजिटल सेवा, ऐसे मिलेगी मदद

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): मानसिक तनाव, चिंता और अवसाद जैसी समस्याएं आज के समय में तेजी से बढ़ रही हैं. भागदौड़ भरी जिंदगी, बढ़ती प्रतिस्पर्धा और व्यक्तिगत चुनौतियों के कारण बड़ी संख्या में लोग मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना कर रहे हैं. ऐसे में केंद्र सरकार ने लोगों को आसान और त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है. राष्ट्रीय टेली मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत Tele-MANAS मोबाइल ऐप और टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 शुरू किया गया है, जिसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति घर बैठे मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से गोपनीय परामर्श प्राप्त कर सकता है.

Tele-MANAS सेवा यह सप्ताह के सातों दिन और चौबीसों घंटे उपलब्ध है. किसी भी समय मानसिक परेशानी महसूस होने पर लोग हेल्पलाइन नंबर 14416 पर कॉल कर सकते हैं. यह सेवा हिंदी और अंग्रेजी सहित लगभग 20 भाषाओं में उपलब्ध कराई गई है, ताकि देश के विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों के लोग अपनी मातृभाषा में विशेषज्ञों से सलाह ले सकें. इससे मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे.

Tele-MANAS के जरिए तनाव, चिंता, अवसाद, नींद न आने की समस्या, परीक्षा का दबाव, करियर को लेकर तनाव, पारिवारिक विवाद, रिश्तों में खटास और भावनात्मक परेशानियों जैसी समस्याओं में सहायता प्राप्त की जा सकती है. इसके अलावा आत्महत्या के विचार, नशे की लत, स्मृति संबंधी समस्याएं, अकेलापन और आर्थिक तनाव जैसी गंभीर परिस्थितियों में भी विशेषज्ञों की मदद उपलब्ध होगी. विशेषज्ञ जरूरत के अनुसार परामर्श देंगे और आवश्यकता पड़ने पर आगे की चिकित्सा सहायता के लिए मार्गदर्शन भी करेंगे.

Tele-MANAS मोबाइल ऐप को केवल परामर्श तक सीमित नहीं रखा गया है. इसमें मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए सेल्फ-केयर कंटेंट, वेलनेस मॉड्यूल्स और जागरूकता संबंधी सामग्री भी शामिल की गई है. उपयोगकर्ता इन संसाधनों की मदद से मानसिक स्वास्थ्य के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, तनाव को नियंत्रित करने के तरीके सीख सकते हैं और अपनी भावनात्मक स्थिति को बेहतर ढंग से समझ सकते हैं. इससे शुरुआती स्तर पर मानसिक समस्याओं की पहचान और समाधान में मदद मिलेगी.

यह पहल विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी, जहां मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों की उपलब्धता सीमित है. मोबाइल ऐप और हेल्पलाइन के माध्यम से अब ऐसे लोग भी आसानी से सहायता प्राप्त कर सकेंगे, जो पहले विशेषज्ञों तक नहीं पहुंच पाते थे. Tele-MANAS और 14416 हेल्पलाइन मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने, समय पर सहायता उपलब्ध कराने और लोगों को बेहतर जीवन जीने में मदद करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.