☰
INDIA

बड़ी खबर: जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, लश्कर का टॉप कमांडर लतीफ भट हुआ ढेर

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है. यहां हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर लतीफ भट मारा गया. सुरक्षाबलों ने उसे देवसर इलाके के जंगलपोरा गांव में घेर लिया था. बताया जा रहा है कि जवानों ने उसे वीडियो कॉल के जरिए सरेंडर करने का मौका भी दिया, लेकिन उसने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया. लतीफ भट पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था.

2020 में घर छोड़कर आतंकी संगठन में हुआ था शामिल

लतीफ भट मूल रूप से कुलगाम का रहने वाला था. नवंबर 2020 में वह अपना घर छोड़कर लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हो गया था. इसके बाद से ही वह कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में आतंकी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था. सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, वह स्थानीय लोगों के बीच आसानी से घुल-मिल जाता था और छोटी-छोटी घटनाओं को अंजाम देकर अपनी पहचान छिपाने की कोशिश करता था.

प्रवासी मजदूरों की हत्या समेत कई हमलों में था शामिल

लतीफ भट पर प्रवासी मजदूरों की हत्या समेत कई गंभीर आरोप थे. किश्तवाड़ में दो पुलिस अधिकारियों की हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था. इसके अलावा वह लश्कर के प्रॉक्सी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के नाम पर भी आतंकी हमलों को अंजाम देता था. सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थीं.

CRPF के तीन जवानों पर हमले में भी आया था नाम

11 नवंबर को कुलगाम के नौपोरा अखरान इलाके में बाइक सवार आतंकियों ने CRPF के नाके को निशाना बनाकर गोलीबारी की थी. इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे. इस घटना के पीछे भी लतीफ भट का हाथ होने की बात सामने आई थी. इसके बाद से सुरक्षाबल उसकी तलाश में जुटे थे.

CRPF महानिदेशक ने दी जवानों को बधाई

लतीफ भट के मारे जाने के बाद CRPF के महानिदेशक जीपी सिंह ने सुरक्षाबलों को बधाई दी. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए तंज भरे अंदाज में लिखा कि कुछ चीजें ठंडी ही परोसी जाएं तो बेहतर होता है, फिर चाहे मौसम कितना भी ठंडा क्यों न हो. उनके इस बयान को लतीफ भट के मारे जाने से जोड़कर देखा जा रहा है. इस कार्रवाई को कुलगाम में सक्रिय आतंकी नेटवर्क के खिलाफ सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है.