INDIA

मुंबई में रफ्तार का कहर: ब्रिज से नीचे गिरी BMW, 3 की मौत, एक की हालत गंभीर

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): मुंबई में रविवार को एक तेज रफ्तार BMW कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई. दुर्घटना मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जाने वाले मार्ग पर लाला कॉलेज के सामने लोटस जेट्टी के पास हुई. कोस्टल रोड कंट्रोल रूम के मुताबिक, हादसे की सूचना रविवार सुबह को हुई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, कार तेज रफ्तार में थी और अनियंत्रित होने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसा इतना भीषण था कि BMW कार ब्रिज से नीचे जा गिरी. घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव का काम शुरू किया.

बता दें, BMW कार में कुल चार लोग सवार बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद सभी को नायर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान 21 वर्षीय शनय गज्जल और 17 वर्षीय धीर्या सेठ के रूप में हुई है, जबकि करीब 25 वर्षीय एक अन्य मृतक की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी. वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल करीब 20 वर्षीय युवक को नायर अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है. अस्पताल से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं.

हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार को दुर्घटना की संभावित वजह बताया जा रहा है, हालांकि हादसे के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना के समय BMW कार की रफ्तार कितनी थी, कार किस तरह अनियंत्रित हुई और किन परिस्थितियों में वह ब्रिज से नीचे गिरी. घटनास्थल से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है. रविवार तड़के हुए इस दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है.