☰
INDIA

ब्रेकिंग : देर रात भीषण हादसा, श्रद्धालुओं पर चढ़ा ट्रक . 12 लोगों की गई जान

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

ग्वालियर : देशभर में दुर्गा पूजा और नवरात्रि के दौरान खुशी और उत्साह का माहौल है . इसी बीच मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया . शीतला माता मंदिर के पास एक बेकाबू ट्रक श्रद्धालुओं की भीड़ में घुस गया और लोगों को कुचलते हुए बैरिकेडिंग तोड़कर मंदिर की दीवार से जा टकराया . हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 39 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया . घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है .

श्रद्धालुओं की भीड़ में घुसा ट्रक

जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात बड़ी संख्या में श्रद्धालु शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे . इसी दौरान एक ट्रक अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गया . ट्रक ने कई लोगों को कुचल दिया और बैरिकेडिंग तोड़ते हुए मंदिर की दीवार से टकरा गया . हादसे में आसपास की कई दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गईं . घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई . स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया .

एसएसपी ने क्या बताया

ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह के अनुसार, हादसे के वक्त मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे . ट्रक पर निर्धारित क्षमता से अधिक सामान लदा हुआ था . उन्होंने बताया कि घटनास्थल की सड़क ढलान वाली है और इस मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक भी है .

एसएसपी के मुताबिक, पुलिस ने ट्रक को रोकने की कोशिश की थी, लेकिन चालक बैरिकेडिंग तोड़ते हुए आगे बढ़ गया . इसके बाद ट्रक भीड़ में घुस गया और बड़ा हादसा हो गया . दुर्घटना के बाद कुल 39 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से 12 लोगों की मौत हो गई . पांच से छह घायलों की हालत गंभीर बताई गई है . कुछ घायलों की हड्डियां टूट गई हैं, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं .

दो पुलिसकर्मी भी घायल 

हादसे के दौरान घटनास्थल पर ड्यूटी कर रहे दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए . दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है .

हादसे की जांच जारी 

जिला कलेक्टर रुचिका चौहान ने शुरुआती जानकारी में 11 लोगों की मौत और करीब 29 लोगों के घायल होने की बात कही थी . बाद में एसएसपी धर्मवीर सिंह ने मृतकों की संख्या 12 बताई .कलेक्टर रुचिका चौहान के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और अन्य वाहनों को मौके पर भेजा गया . उन्होंने बताया कि नवरात्रि के दौरान इस मार्ग पर बैरिकेडिंग की गई थी और पुलिस चेकपोस्ट भी बनाया गया था . इसके बावजूद ट्रक प्रतिबंधित मार्ग पर कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है .ट्रक में किसी तकनीकी खराबी की आशंका की जांच के लिए परिवहन विभाग की टीम को भी बुलाया गया है . पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है .