☰
INDIA

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद थिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर जला दीप, जारी विवाद के बीच उमड़े श्रद्धालु, जाने क्या था विवाद

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): तमिलनाडु के मदुरै स्थित थिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर शनिवार को आखिरकार कार्तिगई दीपम जलाया गया. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पहाड़ी पर बने ऐतिहासिक पत्थर के स्तंभ 'दीपथून' पर शाम करीब 5 बजे दीप जलाने की रस्म पूरी हुई. पिछले चार दिनों से इस मुद्दे को लेकर विवाद चल रहा था. 24 नवंबर को कोर्ट की अनुमति के बावजूद दीपथून पर दीप नहीं जलाया गया था. इसके बाद मामला दोबारा सुप्रीम कोर्ट पहुंचा और अदालत ने 28 नवंबर को दीप जलाने का निर्देश दिया.

 

शनिवार सुबह से ही पहाड़ी के नीचे श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी. हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए केवल 50 लोगों को ही पहाड़ी पर जाने की अनुमति दी गई. कई श्रद्धालु अपने साथ मिट्टी के दीप लेकर पहुंचे थे.

रिटायर्ड जजों की मौजूदगी में पूरी हुई रस्म

सुप्रीम कोर्ट की ओर से मंदिर का कामकाज देखने के लिए नियुक्त मद्रास हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज एस वैद्यनाथन और वी पार्थिबन शनिवार को चेन्नई से मदुरै पहुंचे. दोनों जज पारंपरिक संगीत के साथ मिट्टी के दीप, बाती और घी लेकर पहाड़ी के नीचे पहुंचे. मंदिर में पूजा के बाद उन्होंने पुजारियों को तांबे का विशेष पात्र 'कोप्परई' सौंपा.

दीप जलाने के लिए करीब 30 ग्राम घी, 50 मीटर लंबी सूती बाती और पांच किलो कपूर की व्यवस्था की गई थी. पत्थर के स्तंभ तक पात्र पहुंचाने के लिए अस्थायी मंच और मचान भी बनाया गया था. जिला कलेक्टर निशांत कृष्ण, पुलिस अधिकारी और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के प्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे.

आखिर क्या है पूरा विवाद

थिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर भगवान मुरुगन का प्रसिद्ध मंदिर और मुस्लिम समुदाय की दरगाह स्थित है. विवाद पहाड़ी पर दीप जलाने की जगह को लेकर शुरू हुआ. हिंदू संगठनों की मांग थी कि मंदिर की परंपरा के अनुसार पहाड़ी के ऊपर बने दीपथून पर दीप जलाया जाए. वहीं, तमिलनाडु सरकार और मंदिर प्रशासन का कहना था कि पिछले 150 वर्षों से अधिक समय से यह रस्म उचिपिल्लैयार मंदिर के पास बने दीप मंडपम में होती रही है.

इस पहाड़ी को लेकर 1923 में सिविल कोर्ट का फैसला आया था, जिसे 1931 में प्रिवी काउंसिल ने भी बरकरार रखा था. इसके बाद भी दीप जलाने की जगह को लेकर कानूनी विवाद जारी रहा.

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बढ़ा मामला

20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी. लेकिन 24 नवंबर को वहां दीप नहीं जलाया गया. इसके बाद अदालत ने 27 नवंबर को राज्य सरकार के अधिकारियों को अवमानना का नोटिस जारी किया और 28 नवंबर को दीप जलाने का निर्देश दिया. साथ ही मंदिर बोर्ड को निलंबित कर दिया गया और सुरक्षा की जिम्मेदारी CRPF को सौंपी गई.