टीएनपी डेस्क (TNP DESK): भारत के इतिहास में 2027, एक ऐसे साल के रूप में दर्ज होने जा रहा है जहां कई सारी उपलब्धियों के साथ ही देश को पहली महिला मुख्य न्यायाधीश (CJI) मिलेगी. सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस बीवी नागरत्ना इस ऐतिहासिक उपलब्धि को हासिल करने जा रही हैं. दरअसल 24 सितंबर 2027 को वह भारत के मुख्य न्यायाधीश का पद संभालेंगी. हालांकि, इस सर्वोच्च संवैधानिक पद पर उनका कार्यकाल केवल 37 दिनों का होगा, लेकिन उनका नाम भारतीय न्यायिक इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो जाएगा. दिलचस्प बात यह है कि जस्टिस नागरत्ना के पिता जस्टिस ईएस वेंकटरमैया भी देश के मुख्य न्यायाधीश रह चुके हैं. इस तरह पिता के बाद बेटी का इस पद तक पहुंचना भी एक खास उपलब्धि होगी. बता दें कि जस्टिस ईएस वेंकटरमैया ने 19 जून 1989 से 17 नवंबर 1989 तक भारत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में जिम्मेदारी निभाई थी. अब उनकी बेटी जस्टिस बीवी नागरत्ना इसी पद पर पहुंचने वाली पहली महिला होंगी.
जस्टिस बीवी नागरत्ना अपने न्यायिक सफर के दौरान कई महत्वपूर्ण मामलों और टिप्पणियों को लेकर चर्चा में रही हैं. इनमें केरल के प्रसिद्ध सबरीमाला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश से जुड़ा मामला भी शामिल है. 10 से 50 वर्ष की महिलाओं के मंदिर में प्रवेश पर पारंपरिक प्रतिबंध और धार्मिक स्वतंत्रता से जुड़े संवैधानिक सवालों पर सुनवाई करने वाली नौ सदस्यीय संविधान पीठ का वह हिस्सा हैं. इसके अलावा सुनवाई के दौरान उन्होंने मासिक धर्म के आधार पर महिलाओं को अलग-थलग रखने की सामाजिक प्रथा पर गंभीर सवाल उठाए थे. उन्होंने कहा था कि एक महिला होने के नाते वह ऐसी व्यवस्था से सहमत नहीं हैं, जिसमें मासिक धर्म के दौरान महिलाओं के साथ तीन दिनों तक अस्पृश्यता जैसा व्यवहार किया जाए और बाकी समय उन्हें सामान्य माना जाए. उनकी इस टिप्पणी ने समानता, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और धार्मिक परंपराओं के बीच संतुलन को लेकर बहस को नई दिशा दी.
जस्टिस बीवी नागरत्ना का जन्म 30 अक्टूबर 1962 को बेंगलुरु में हुआ था. उन्होंने 1984 में दिल्ली विश्वविद्यालय के जीसस एंड मैरी कॉलेज से इतिहास में बीए ऑनर्स किया. इसके बाद 1987 में कैंपस लॉ सेंटर से एलएलबी की डिग्री हासिल की. इसी वर्ष उन्होंने वकालत शुरू की और जुलाई 1994 में स्वतंत्र रूप से प्रैक्टिस करने लगीं. उन्होंने संवैधानिक, प्रशासनिक, वाणिज्यिक और पारिवारिक कानून से जुड़े मामलों में काम किया. वह कर्नाटक राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और हाई कोर्ट लीगल सर्विसेज कमेटी से भी जुड़ी रहीं.
18 फरवरी 2008 को उन्हें कर्नाटक हाई कोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया. 17 फरवरी 2010 को वह स्थायी न्यायाधीश बनीं. इस दौरान उन्होंने कर्नाटक न्यायिक अकादमी और बेंगलुरु मेडिएशन सेंटर की अध्यक्ष के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई. 31 अगस्त 2021 को उन्हें सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया. ऐसे में 24 सितंबर 2027 को सीजेआई का पद संभालने के बाद जस्टिस नागरत्ना 29 अक्टूबर 2027 को 65 वर्ष की आयु पूरी होने पर सेवानिवृत्त होंगी. यानी उनका कार्यकाल करीब 37 दिनों का रहेगा.
