INDIA

चलती कार में पत्नी पर अवैध संबंध का हुआ शक, तीन बच्चों के सामने ही पति ने किया रौड से वार, फिर लाश लेकर करता रहा ये काम

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): पति-पत्नी के रिश्ते को दुनिया का सबसे परिवतर रिश्ता माना गया है. पर यहां पति ने अपने तीन मासूमों के सामने अपनी ही पत्नी का वो हश्र किया जिससे इंसानियत की हर हद पार करदी है. मामला जुड़ा है महाराष्ट्र के वाशिम जिले से, जहां एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने मानवता पर कई सवाल खड़े कर दिए है. समृद्धि महामार्ग पर चलती कार में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी. हैरानी की बात यह रही कि वारदात के बाद आरोपी कई घंटों तक पत्नी के शव को कार में लेकर घूमता रहा और आखिरकार खुद ही पुलिस थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी सलमान खान के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को अपनी पत्नी हसीनबानो के चरित्र पर संदेह था. इसी शक ने दोनों के बीच विवाद को इतना बढ़ा दिया कि उसने चलती कार में ही पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया.

बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले लोहे की रॉड से पत्नी पर कई वार किए. जब वह गंभीर रूप से घायल हो गई, तो उसने कथित तौर पर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि घटना के समय दंपति के तीन छोटे बच्चे भी कार में मौजूद थे, जिन्होंने पूरी वारदात देखी. इस घटना का बच्चों पर गहरा मानसिक असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है. वारदात के बाद आरोपी ने शव को कार से बाहर नहीं निकाला. वह कई घंटों तक पत्नी के शव के साथ अलग-अलग जगहों पर घूमता रहा. बाद में वह वाशिम पुलिस के पास पहुंचा और पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर कार को कब्जे में ले लिया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फॉरेंसिक टीम ने वाहन और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या पूर्व नियोजित थी या अचानक हुए विवाद का परिणाम. साथ ही बच्चों के बयान और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है. फिलहाल आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी है. यह घटना एक बार फिर रिश्तों में अविश्वास और घरेलू हिंसा के खतरनाक परिणामों को सामने लाती है, जहां शक ने एक परिवार को पलभर में तबाह कर दिया.

TagsCRIME