टिएनपी डेस्क(TNP DESK): महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर ट्रक और बोलेरो की जोरदार टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में 3 बच्चे भी शामिल हैं. हादसे में 3 और लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
पुलिस के मुताबिक हादसा सुबह करीब 4 बजे पिंपलगांव सड़क के पास हुआ. बोलेरो में सवार लोग छत्तीसगढ़ के रायपुर से नेशनल हाईवे-53 के रास्ते नागपुर जा रहे थे. इसी दौरान उनकी गाड़ी की ट्रक से टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो ट्रक में बुरी तरह फंस गई. हादसे के बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची.
दो JCB लगाकर निकाली गई फंसी गाड़ी
हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रक में फंसी बोलेरो को निकालने के लिए दो JCB की मदद लेनी पड़ी. काफी मशक्कत के बाद गाड़ी को बाहर निकाला गया और उसमें फंसे लोगों को निकाला गया. पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है.
एक दिन पहले नांदेड में गई थी 6 लोगों की जान
महाराष्ट्र में एक दिन के अंदर यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है. इससे पहले 10 सितंबर की शाम नांदेड जिले में नांदेड-भोकर रोड पर टाटा मैजिक वैन और ट्रक की टक्कर हुई थी. सीताखंडी घाट के पास हुए उस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे. वैन नांदेड से भोकर जा रही थी, तभी सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई. लगातार दो दिनों में हुए इन हादसों में कुल 14 लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं.