INDIA

जूनियर महिला हॉकी टीम का बड़ा टेस्ट, यूके दौरे पर अमेरिका-इंग्लैंड-बेल्जियम से भिड़ंत

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
जूनियर महिला हॉकी टीम का बड़ा टेस्ट, यूके दौरे पर अमेरिका-इंग्लैंड-बेल्जियम से भिड़ंत

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): हॉकी प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी खबर सामने आई है. हॉकी इंडिया ने 5 से 14 जुलाई 2026 तक होने वाले यूनाइटेड किंगडम (यूके) दौरे के लिए 24 सदस्यीय भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी है. नए मुख्य कोच टिम व्हाइट के मार्गदर्शन में टीम इस नौ दिवसीय एक्सपोजर दौरे पर स्कॉटलैंड और इंग्लैंड में कुल 7 मुकाबले खेलेगी. यह दौरा आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं, विशेष रूप से जूनियर एशिया कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. टीम की कप्तानी खैदेम शिलेइमा चानू को सौंपी गई है. गोलकीपर के रूप में निधि और एंगिल हर्षा रानी मिंज को टीम में जगह मिली है, जबकि डिफेंस में पूजा साहू, सुप्रिया, मधु, एफ. लालबी अक्सियामी, लालनेइहपुई और पार्वती टोपनो शामिल हैं.

टीम के मिडफील्ड की जिम्मेदारी कप्तान खैदेम शिलेइमा चानू के अलावा तनुजा टोप्पो, सुप्रिया कुजूर, पूजा मलिक, बिनिमा धन, गीता यादव, रोशनी आइंद और तनुश्री दिनेश काडू संभालेंगी. वहीं फॉरवर्ड लाइन में सुखवीर कौर, शशि खसा, लालरिनपुई, निशा मिंज, पूर्णिमा यादव, काजल, सानिका चंद्रकांत माने और कृष्णा शर्मा को शामिल किया गया है. भारतीय टीम अपने दौरे की शुरुआत यूनिवर्सिटी ऑफ एडिनबर्ग में स्कॉटलैंड की सीनियर महिला टीम के खिलाफ दो मुकाबलों से करेगी. इसके बाद टीम लिलेशॉल नेशनल स्पोर्ट्स सेंटर में अमेरिका, इंग्लैंड और बेल्जियम की जूनियर टीमों के खिलाफ मैच खेलेगी.

मुख्य कोच टिम व्हाइट ने कहा कि यह दौरा युवा खिलाड़ियों के विकास के लिए बेहद अहम है. उन्होंने बताया कि टीम में कई ऐसी खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्हें पहली बार विदेशी टीमों के खिलाफ खेलने का अवसर मिलेगा. उनके अनुसार यह दौरा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव देगा और टीम को अपनी रणनीतियों तथा संयोजन को बेहतर बनाने का मौका मिलेगा. उन्होंने कहा कि मजबूत विपक्षी टीमों के खिलाफ खेलने से खिलाड़ियों को अपनी क्षमताओं का आकलन करने और कमजोरियों को दूर करने में मदद मिलेगी. कोच ने विश्वास जताया कि यह दौरा आगामी जूनियर एशिया कप की तैयारियों के लिए टीम को मजबूत आधार प्रदान करेगा और भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर तरीके से तैयार करेगा.