INDIA

स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट, एयरपोर्ट समेत 6 जगहों को बम से उड़ाने की धमकी

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

टिएनपी डेस्क(TNP DESK): 15 अगस्त से ठीक पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा को लेकर हलचल बढ़ गई है. दिल्ली हाई कोर्ट समेत शहर की छह प्रमुख जगहों पर बम की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं. धमकी मिलने के तुरंत बाद संबंधित जगहों पर पुलिस, बम निरोधक दस्ते और दमकल की टीमें पहुंचीं और जांच शुरू कर दी.

इन 6 जगहों को मिली धमकी

दिल्ली हाई कोर्ट के अलावा जामनगर हाउस, झंडेवालान की फ्लैटेड बिल्डिंग, एमबी साकेत स्थित डीएम कार्यालय, आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 और दिल्ली कैंट स्थित एसडीएम कार्यालय को भी धमकी मिली है.

दिल्ली हाई कोर्ट को ई-मेल के जरिए धमकी भेजी गई. इसके बाद कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर की तलाशी शुरू कर दी. हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल भी मामले को लेकर दिल्ली पुलिस के संपर्क में हैं.

अब तक नहीं मिली संदिग्ध वस्तु

धमकी की सूचना मिलते ही सभी छह स्थानों पर सुरक्षा टीमों ने जांच शुरू कर दी. परिसर और आसपास के इलाकों की तलाशी ली जा रही है. हालांकि, अभी तक किसी भी जगह से संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना नहीं है.

सुरक्षा एजेंसियां धमकी के स्रोत का भी पता लगाने में जुटी हैं. अधिकारियों की ओर से लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और जांच में सहयोग करने की अपील की जा रही है.

15 अगस्त को लेकर सुरक्षा और कड़ी

स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए दिल्ली में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है. लाल किले और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है. प्रमुख सड़कों, बाजारों, रेलवे स्टेशनों, एयरपोर्ट और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अगस्त को लाल किले से देश को संबोधित करेंगे. ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहतीं. धमकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और जांच और तेज कर दी गई है.