दिल्ली में यमुना सफाई अभियान, अमित शाह ने किया 80 ट्रीटमेंट प्लांटों पर काम शुरू होने का दावा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली की जीवनदायिनी मानी जाने वाली यमुना नदी को पूरी तरह स्वच्छ बनाने का बड़ा संकल्प दोहराया है. उन्होंने घोषणा की कि दिसंबर 2028 तक यमुना में एक लीटर भी बिना ट्रीट किया हुआ गंदा पानी या औद्योगिक कचरा नहीं गिरने दिया जाएगा. सरकार ने इस उद्देश्य के लिए दिल्ली में करीब 80 नए सीवेज और वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांटों पर काम शुरू कर दिया है.
इसके साथ ही, दिल्ली नगर निगम (MCD) और राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) के बीच बायोगैस प्लांट लगाने के लिए एक समझौता हुआ है, जिसके तहत पशुपालकों से एक रुपये प्रति किलो की दर से गोबर खरीदा जाएगा.
बाल यौन उत्पीड़न मामला, दिल्ली हाई कोर्ट ने रद्द की आरोपी शिक्षिका की जमानत
दिल्ली हाई कोर्ट ने जनकपुरी के एक निजी स्कूल में तीन साल की मासूम बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में एक बड़ा फैसला सुनाया है. कोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को पलटते हुए आरोपी महिला शिक्षिका की जमानत रद्द कर दी और उसे तीन दिनों के भीतर पॉक्सो (POCSO) अदालत के सामने सरेंडर करने का आदेश दिया है.
जस्टिस सौरभ बनर्जी ने कहा कि इतनी छोटी बच्ची से शुरुआती शिकायत में घटना की हर बारीक जानकारी की उम्मीद नहीं की जा सकती. शिक्षिका पर घटना की जानकारी छिपाने और सबूतों को प्रभावित करने की आशंका के चलते यह सख्त कदम उठाया गया है.
बिहार-झारखंड में मौसम का मिजाज, कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी
मौसम विभाग (IMD) ने बिहार और झारखंड के कई हिस्सों में अगले 4-5 दिनों तक भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. बिहार के बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और पूर्वी चंपारण जैसे जिलों में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी है.
वहीं, झारखंड के रांची, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो और जमशेदपुर समेत 13 जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और वज्रपात (ठनका) का अनुमान है. हालांकि, झारखंड में इस साल अब तक सामान्य से करीब 125 मिमी कम बारिश दर्ज की गई है
श्रावणी मेला 2026! देवघर में भीड़ बढ़ी तो बिहार में ही रोके जाएंगे कांवरियों के वाहन
विश्वप्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए बिहार और झारखंड पुलिस ने एक बड़ा साझा ट्रैफिक प्लान तैयार किया है. बांका (बिहार) में हुई हाई-लेवल इंटर-स्टेट मीटिंग में फैसला लिया गया कि यदि देवघर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती है और झारखंड के 5 प्रमुख होल्डिंग पॉइंट्स (जैसे दुम्मा बॉर्डर, बीएड कॉलेज ग्राउंड) भर जाते हैं, तो बिहार पुलिस कांवरियों के वाहनों को अपनी सीमा में ही रोक देगी.
इसके तहत भागलपुर, सुल्तानगंज और जमुई के रास्तों से आने वाले वाहनों को बिहार के चांदन और कटोरिया के पास बने होल्डिंग एरिया में रोक दिया जाएगा ताकि देवघर में भगदड़ जैसी स्थिति न बने.
रांची में ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथयात्रा! आस्था के जनसैलाब के साथ गूंजेगा जयघोष
राजधानी रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में आज भगवान जगन्नाथ की प्रसिद्ध रथयात्रा निकाली जा रही है, जिसमें हिस्सा लेने के लिए लाखों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है. प्रभु जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ मौसी बाड़ी के लिए प्रस्थान करेंगे. इस भव्य धार्मिक उत्सव को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए हैं.
पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है. बिजली विभाग ने आपातकालीन स्थिति के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, वहीं शहर के कई मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो.
