INDIA

कॉमनवेल्थ गेम्स में मीराबाई चानू ने जीता गोल्ड से लेकर रांची में डूरंड कप तक, जाने देश-विदेश की प्रमुख खबरें

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
कॉमनवेल्थ गेम्स में मीराबाई चानू ने जीता गोल्ड से लेकर रांची में डूरंड कप तक, जाने देश-विदेश की प्रमुख खबरें

परीक्षा सुधारों के लिए नंदन नीलेकणि की अगुवाई में हाई-पावर टास्क फोर्स का गठन

केंद्र सरकार ने देश में परीक्षाओं की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है. इन्फोसिस के सह-संस्थापक नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता में एक उच्च-स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया गया है. यह टास्क फोर्स देश भर में राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की पूरी व्यवस्था की समीक्षा करेगी और टेक्नोलॉजी-आधारित सुधारों के सुझाव देगी. हाल ही में हुए पेपर लीक विवादों और छात्रों के विरोध प्रदर्शनों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह निर्णय लिया है.

सरकार का लक्ष्य एक ऐसा डिजिटल और सुरक्षित ढांचा तैयार करना है जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को पूरी तरह से रोका जा सके. इस फैसले का उद्देश्य देशभर के लाखों परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों का भरोसा पुनः स्थापित करना है.

देश के कई राज्यों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, रेड अलर्ट जारी

भारत के अलग-अलग हिस्सों में मानसूनी आफत देखने को मिल रही है. गुजरात, ओडिशा, असम, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों में मूसलाधार बारिश और बाढ़ के कारण गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है.

ओडिशा और गुजरात में मौसम विभाग ने भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबे की वजह से कई सड़कें बंद हो गई हैं, जबकि निचले इलाकों में पानी भर जाने से हजारों लोग प्रभावित हुए हैं. असम में बाढ़ की वजह से अब तक दर्जनों लोगों की जान जा चुकी है और बचाव कार्य के लिए आपदा प्रबंधन की टीमें और सेना तैनात की गई हैं.

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में मीराबाई चानू ने जीता भारत के लिए पहला गोल्ड

भारत की स्टार भारोत्तोलक (वेटलिफ्टर) मीराबाई चानू ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन किया है. उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक हासिल किया. इस शानदार जीत के साथ ही मीराबाई चानू ने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदकों की हैट्रिक भी पूरी कर ली है.

उनकी इस उपलब्धि पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और खेल जगत से जुड़े दिग्गजों ने बधाई संदेश भेजे हैं. मीराबाई ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से एक बार फिर साबित किया कि वे भारतीय वेटलिफ्टिंग की सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी हैं. देश भर में खेल प्रेमियों के बीच इस सफलता का जश्न मनाया जा रहा है.

रांची में डूरंड कप 2026 का भव्य आगाज, सीएम हेमंत सोरेन ने किया उद्घाटन

झारखंड की राजधानी रांची में एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट 'डूरंड कप' के 135वें संस्करण का भव्य आगाज हुआ है. राज्य सरकार के खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की पहल पर यह ऐतिहासिक आयोजन मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने टूर्नामेंट का आधिकारिक उद्घाटन किया. खेल विभाग ने दर्शकों के लिए स्टेडियम में बिल्कुल निशुल्क प्रवेश और टिकटों की व्यवस्था की है. इस प्रतियोगिता में देश की नामी फुटबॉल क्लबों के साथ सशस्त्र बलों की टीमें भी हिस्सा ले रही हैं. इस आयोजन से राज्य में खेल प्रतिभाओं और फुटबॉल संस्कृति को नया बढ़ावा मिलेगा.

बिहार की बंद पड़ी 9 चीनी मिलों की जमीन निवेशकों को सौंपने का रास्ता साफ

बिहार सरकार ने राज्य की वर्षों से बंद पड़ी 9 चीनी मिलों की जमीनों को निवेशकों और सहकारी समितियों को सौंपने के कानूनी अड़चनों को दूर कर दिया है. इसके लिए चीनी उपक्रम (अधिग्रहण) अधिनियम में आवश्यक संशोधन किए गए हैं.

पहले चरण में मधुबनी की सकरी, दरभंगा की रैयाम और गोपालगंज की सासामूसा चीनी मिल को चालू करने की तैयारी है. सरकार का लक्ष्य है कि इन मिलों में जल्द पेराई सत्र शुरू किया जाए. इस फैसले से बंद पड़े औद्योगिक परिसरों का पुनरुद्धार होगा और स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.