INDIA

बलूचिस्तान में बड़ा धमाका से लेकर अमरनाथ यात्रा तक, जाने देश-विदेश की 5 प्रमुख खबरें

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
बलूचिस्तान में बड़ा धमाका से लेकर अमरनाथ यात्रा तक, जाने देश-विदेश की 5 प्रमुख खबरें

बलूचिस्तान में बड़ा आतंकी हमला! कोस्ट गार्ड कैंप को बनाया निशाना, भारी नुकसान का दावा

बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तान के एक तटीय सुरक्षा शिविर (कोस्ट गार्ड कैंप) पर भीषण आत्मघाती (फिदायीन) हमला किया है. सूत्रों और संगठन के दावों के अनुसार, इस अचानक और ताबड़तोड़ हमले में कम से कम 30 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने की खबर है.

हमले के दौरान अत्याधुनिक हथियारों और विस्फोटकों का इस्तेमाल किया गया, जिससे कैंप का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह तबाह हो गया. इस घटना के बाद बलूचिस्तान के तटीय इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है. पाकिस्तानी सेना ने हमलावरों के खिलाफ बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है.

झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में स्कूल बंद

झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और लगातार हो रही बारिश के कारण कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है. मौसम विभाग ने रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा और पश्चिम सिंहभूम सहित कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कुछ जिलों में स्कूलों को बंद रखने का फैसला किया है.

नदियों का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है. लोगों को बिना जरूरत घर से बाहर न निकलने और नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है. राहत एवं बचाव दल को भी सतर्क रखा गया है.

अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

अमरनाथ यात्रा में इस वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और सेना, अर्धसैनिक बल तथा जम्मू-कश्मीर पुलिस संयुक्त रूप से निगरानी कर रही है.

प्रशासन ने स्वास्थ्य सुविधाओं, लंगर और विश्राम स्थलों की भी विशेष व्यवस्था की है. मौसम को देखते हुए यात्रियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है. अब तक हजारों श्रद्धालु सफलतापूर्वक पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं. यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है.

राजस्थान को बड़ी सौगात! पीएम मोदी देश की पहली ग्रीनफील्ड रिफाइनरी का करेंगे लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान के पचपदरा में निर्मित देश की पहली अत्याधुनिक ग्रीनफील्ड रिफाइनरी का लोकार्पण करने जा रहे हैं. इस मेगा प्रोजेक्ट के शुरू होने से न सिर्फ देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी, बल्कि राजस्थान के औद्योगिक विकास को एक नई गति मिलेगी.

सरकार के अनुसार, इस रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स से स्थानीय स्तर पर हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. इस परियोजना में पर्यावरण सुरक्षा और आधुनिक तकनीकों का विशेष ध्यान रखा गया है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ा कदम है.

व्हाट्सएप यूजरनेम फीचर पर बढ़ा विवाद: मेटा की टीम ने भारत सरकार से की मुलाकात

पॉपुलर मैसेजिंग ऐप व्हाट्सएप (WhatsApp) के आगामी 'यूज़रनेम' फीचर को लेकर सुरक्षा और निजता के मोर्चे पर विवाद खड़ा हो गया है. इस सिलसिले में मेटा (Meta) की एक उच्चस्तरीय टीम ने भारत सरकार के आईटी मंत्रालय के अधिकारियों से मुलाकात की है.

सरकार ने सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए मेटा से इस फीचर के क्रियान्वयन को लेकर तीन दिनों के भीतर लिखित जवाब मांगा है. सरकार का मुख्य सरोकार साइबर सुरक्षा और फेक न्यूज पर लगाम लगाना है, जबकि कंपनी का कहना है कि यह फीचर यूजर्स की प्राइवेसी को अधिक मजबूत बनाएगा.