टीएनपी डेस्क (TNP DESK): भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच महिला नेशंस कप 2025-26 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया. फाइनल मुकाबले में भारत ने मेजबान न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की. इस शानदार जीत के साथ भारतीय टीम ने अगले सीजन की एफआईएच प्रो लीग के लिए भी क्वालिफाई कर लिया. पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम अजेय रही और उसने ग्रुप चरण में अमेरिका, जापान और उरुग्वे को हराया. इसके बाद सेमीफाइनल में चिली और फाइनल में न्यूजीलैंड को मात देकर चैंपियन बनी.
फाइनल मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया. नवनीत कौर ने चौथे मिनट में पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, जबकि सुनेलिता टोप्पो ने 15वें मिनट में दूसरा गोल दागकर भारत की जीत लगभग तय कर दी. शानदार प्रदर्शन के लिए स्ट्राइकर लालरेमसियामी को फाइनल का 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. वहीं ड्रैग फ्लिकर दीपिका ने पूरे टूर्नामेंट में छह गोल किए और अमेरिका की एशले सेसा के साथ संयुक्त रूप से सर्वाधिक गोल करने वाली खिलाड़ी रहीं. टीम की इस उपलब्धि पर हॉकी इंडिया ने सभी खिलाड़ियों को तीन-तीन लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की.
टीम की सफलता पर मुख्य कोच स्योर्ड मारिन ने खिलाड़ियों की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया और मजबूत रक्षापंक्ति जीत की सबसे बड़ी वजह रही. उन्होंने माना कि फील्ड गोल के अवसरों को भुनाने में अभी सुधार की जरूरत है, लेकिन पेनाल्टी कॉर्नर का प्रदर्शन शानदार रहा. मारिन ने कहा कि प्रो लीग में दुनिया की शीर्ष टीमों के खिलाफ खेलने से युवा खिलाड़ियों को काफी सीखने का मौका मिलेगा और यही अनुभव आगामी विश्व कप की तैयारियों में बेहद अहम साबित होगा. वहीं कप्तान सलीमा टेटे ने ट्रॉफी जीतने पर खुशी जताते हुए कहा कि पूरी टीम इस टूर्नामेंट में सिर्फ एक ही लक्ष्य लेकर उतरी थी और वह था ट्रॉफी जीतकर भारत लौटना.
