टीएनपी डेस्क (TNP DESK): प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कुख्यात अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्कर और दाऊद इब्राहिम के करीबी माने जाने वाले सलीम डोला के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 10 आरोपियों के खिलाफ विशेष अदालत में विस्तृत आरोपपत्र दाखिल किया है. जांच में सामने आया है कि ड्रग्स तस्करी से कमाए गए करोड़ों रुपये को फर्जी कंपनियों और शेल फर्मों के जरिए वैध बनाने का संगठित नेटवर्क संचालित किया जा रहा था. इस कार्रवाई के तहत ED ने मुंबई में 5.88 करोड़ रुपये मूल्य की सात संपत्तियां भी कुर्क की हैं.
ड्रग्स की कमाई को फर्जी कंपनियों के जरिए किया जाता था सफेद
यह कार्रवाई नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) द्वारा दर्ज मामले के आधार पर की गई. जांच के दौरान पता चला कि आरोपी फैसल जावेद शेख और उसकी पत्नी अल्फिया शेख कथित तौर पर फरार ड्रग्स तस्कर सलीम डोला से मेफेड्रोन (MD) जैसे प्रतिबंधित मादक पदार्थ खरीदते थे. इसके बाद मुंबई और आसपास के इलाकों में स्थानीय तस्करों के माध्यम से इसकी सप्लाई की जाती थी. इस मामले में शेख दंपति समेत कुल 10 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया है.
बैंक खातों और शेल कंपनियों से छिपाए गए लेन-देन
ED की जांच में खुलासा हुआ कि ड्रग्स की बिक्री से मिली नकदी पहले आरोपियों के निजी बैंक खातों में जमा की जाती थी. इसके बाद धन के वास्तविक स्रोत को छिपाने के लिए रकम को कई फर्जी कंपनियों, शेल फर्मों और अलग-अलग बैंक खातों के जरिए ट्रांसफर किया जाता था. जांच में एम/एस फैज इम्पेक्स सहित कई फ्रंट कंपनियों के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई है. एजेंसी का आरोप है कि बाद में इसी अवैध कमाई को रियल एस्टेट में निवेश कर वैध संपत्ति का रूप देने की कोशिश की गई.
5.88 करोड़ की संपत्ति कुर्क, कई खाते फ्रीज
जांच एजेंसी ने कार्रवाई के दौरान मुंबई स्थित सात अचल संपत्तियां कुर्क की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 5.88 करोड़ रुपये बताई गई है. इसके अलावा बड़ी मात्रा में नकदी, लग्जरी वाहन और सोने के आभूषण जब्त किए गए हैं. सिंडिकेट से जुड़े कई बैंक खातों को भी फ्रीज कर दिया गया है. जांच में सामिया खान, नासिर यासीन खान समेत अन्य आरोपियों की भूमिका भी सामने आई है.
नेटवर्क की आर्थिक जड़ों तक पहुंचने की कोशिश
ED का कहना है कि जांच अभी जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, उनकी संपत्तियों तथा वित्तीय लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है. जांच एजेंसियों का मानना है कि यह कार्रवाई सलीम डोला के ड्रग्स नेटवर्क और उससे जुड़े आर्थिक तंत्र पर बड़ी चोट है. आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे और कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है.
