टीएनपी डेस्क (TNP DESK): 2026 का दुर्गा पूजा, कांग्रेस के सांसद, विधायक सहित कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्षों का दशहरा दिल्ली में ही बीतेगा. कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित तमाम विपक्षी दलों द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ शुरू किए गए आंदोलन की वजह से लगता है, देश भर के कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष समेत तमाम सभी सांसद, विधायक एवं वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है. कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने सभी राज्यों को यह सूचना दे दी है.
11 अक्टूबर की रात या फिर 12 अक्टूबर की सुबह तक पहुंचने का निर्देश
सूचना को अत्यावश्यक बताया गया है. सभी को 11 अक्टूबर की रात या फिर 12 अक्टूबर की सुबह तक दिल्ली पहुंचने को कहा गया है. यह भी कहा गया है कि अधिक से अधिक लोगों को साथ लेकर पहुचें. सूचना में राज्य के सभी सांसदों, विधायकों, विधान पार्षद और वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति को अनिवार्य किया गया है. इतना ही नहीं, के सी वेणु गोपाल ने सांसद, विधायक, विधान पार्षदों की संख्या व्हाट्सएप पर मांगी है. साथ में किस प्रदेश से कितने लोग पहुंच रहे हैं, यह भी बताना है. ऐसा लगता है कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफा के लिए दिल्ली में बड़े आंदोलन की कांग्रेस तैयारी में है.
धनबाद से भी कांग्रेस नेता दिल्ली के लिए रवाना
हर एक प्रदेश के अध्यक्ष सूचना मिलने के बाद अपने-अपने राज्य के सभी सांसद, विधायक और वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली पहुंचने को कहा है. धनबाद से कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अशोक कुमार सिंह रविवार को दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं. धनबाद से और लोग भी जा सकते हैं. जानकारी के अनुसार कांग्रेस 12 अक्टूबर को बड़े प्रदर्शन की तैयारी में है और इसलिए सभी सांसद, विधायक, विधान पार्षदों, प्रदेश अध्यक्षों को दिल्ली बुलाया गया है. दरअसल, कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग और वोट चोरी के कथित मुद्दे को लेकर इंडिया ब्लॉक देशव्यापी विरोध प्रदर्शन और मार्च की रणनीति बनाया है. विपक्ष सोमवार को दिल्ली में फिर सड़कों पर उतरने और इस पूरे मामले में आंदोलन की रूपरेखा बनाई है. सूत्र तो यह भी बता रहे हैं कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पार्टी महासचिव केसी बेणुगोपाल को निर्देश दिया है कि जो सांसद पिछले विरोध प्रदर्शनों में शामिल नहीं हुए थे, उसकी सूची बनाई जाए और उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाए.
