टीएनपी डेस्क(TNP DESK): वोटर लिस्ट में जारी SIR को लेकर देश में सियासी और सामाजिक विरोध तेज होता दिखाई दे रहा है. शुक्रवार को दिल्ली के जंतर-मंतर और मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन का कार्यक्रम है. प्रदर्शनकारी चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं. CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है.
जंतर-मंतर पर बढ़ी सुरक्षा
दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है. इसके बावजूद AISA, AAP और दूसरे संगठनों से जुड़े लोगों के जुटने की खबर है. AAP नेता सौरभ भारद्वाज जंतर-मंतर पहुंचे, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया.
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर नई दिल्ली इलाके में अतिरिक्त पुलिस और CAPF की तैनाती की है. जंतर-मंतर के आसपास बैरिकेडिंग भी की गई है. दिल्ली मेट्रो ने सुरक्षा कारणों से 11 स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट अगले आदेश तक बंद किए हैं. हालांकि कुछ स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रखी गई है.
मुंबई में CJP का प्रदर्शन
वहीं कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP ने मुंबई के शिवाजी पार्क में शुक्रवार शाम 4 बजे प्रदर्शन का ऐलान किया है. संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है. CJP का कहना है कि आंदोलन को देश के दूसरे हिस्सों तक ले जाया जाएगा और आगे जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन किया जाएगा.
वोटिंग अधिकार का मुद्दा
प्रदर्शन से जुड़े संगठनों का कहना है कि वोट देना नागरिकों का अधिकार है और मतदाता सूची में किसी भी तरह की गड़बड़ी या नाम हटने की स्थिति में सवाल उठना स्वाभाविक है. उनका कहना है कि चुनावी प्रक्रिया में लोगों का भरोसा बनाए रखने के लिए पारदर्शिता जरूरी है.
दूसरी ओर, चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों को आयोग ने स्वीकार नहीं किया है. ऐसे में SIR और मतदाता सूची को लेकर उठ रहे सवालों पर आने वाले दिनों में राजनीतिक और कानूनी बहस और तेज होने की संभावना है.