INDIA

कॉकरोच पार्टी का आज नागपुर में प्रदर्शन, अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

Diksha Benipuri
Copy Editor
कॉकरोच पार्टी का आज नागपुर में प्रदर्शन, अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

TNP DESK: 16 जून को नागपुर में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके इस आंदोलन का नेतृत्व करेंगे. रविवार को सोनेगांव में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दिपके ने वर्चुअल माध्यम से कार्यकर्ताओं को संबोधित कर कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की.

जानकारी के अनुसार, अभिजीत दिपके प्रदर्शन शुरू होने से कुछ घंटे पहले नागपुर पहुंच सकते हैं. हालांकि उनका अंतिम कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है. युवा कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अनुराग जैन ने बताया कि दिपके के पहले दीक्षाभूमि जाने की संभावना है, जिसके बाद वे प्रदर्शन में शामिल होंगे.

अनुराग जैन ने कहा कि आंदोलन का मुख्य फोकस शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर रहेगा और इसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से जवाबदेही की मांग उठाई जाएगी. उन्होंने कहा कि पार्टी छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रदर्शन की रणनीति बना रही है.

जैन के मुताबिक, संगठन शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों के संपर्क में है और उनसे छात्रों को प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कुछ समय की छूट देने का अनुरोध किया जाएगा. उन्होंने कहा कि नीट पुनर्परीक्षा से ठीक पहले होने वाले इस आंदोलन में परीक्षार्थियों पर किसी तरह का दबाव नहीं डाला जाएगा.

उन्होंने कहा, "हम छात्रों के अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे हैं और उनकी पढ़ाई में बाधा नहीं डालना चाहते. जो छात्र स्वेच्छा से आंदोलन में शामिल होना चाहें, उनके लिए कोचिंग संस्थानों से करीब तीन घंटे का अवकाश देने का आग्रह किया जाएगा ताकि वे प्रदर्शन में हिस्सा लेकर वापस अपनी कक्षाओं में लौट सकें."

पार्टी की ओर से विभिन्न छात्र संगठनों और प्रतिनिधियों के साथ भी बैठकें प्रस्तावित हैं, ताकि आंदोलन को व्यापक समर्थन मिल सके और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके.