INDIA

कॉकरोच पार्टी का आज हैदराबाद में धरना प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री पर बढ़ा दबाव

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

TNP DESK:केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. विभिन्न प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं तथा परीक्षा व्यवस्था में सामने आई खामियों को मुद्दा बनाते हुए पार्टी ने देशव्यापी विरोध अभियान शुरू करने का ऐलान किया है. इसी कड़ी में 11 जून से 20 जून के बीच देश के सात प्रमुख शहरों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन और धरना कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

इससे पहले पार्टी कार्यकर्ताओं ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय के खिलाफ विरोध दर्ज कराया था. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि परीक्षा प्रबंधन में हुई कथित गड़बड़ियों ने लाखों छात्रों और अभ्यर्थियों के भविष्य पर असर डाला है. इसी आधार पर शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ने की मांग की जा रही है.

पार्टी के आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार देशभर में आयोजित होने वाले इन प्रदर्शनों का उद्देश्य परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुधार की मांग को मजबूती से उठाना है. पार्टी का कहना है कि सभी कार्यक्रम लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किए जाएंगे ताकि छात्रों और युवाओं की आवाज सरकार तक पहुंच सके.

घोषित कार्यक्रम के तहत हैदराबाद में भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. यह धरना 14 जून को सुबह 10 बजे धरना चौक पर आयोजित होगा. इसमें पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं, छात्रों और युवाओं के बड़ी संख्या में शामिल होने की संभावना है. प्रदर्शन के दौरान परीक्षा संबंधी मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए केंद्र सरकार से जवाबदेही तय करने और व्यवस्था में सुधार की मांग की जाएगी.

पार्टी का दावा है कि यह अभियान केवल राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि छात्रों के हितों और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए चलाया जा रहा एक व्यापक जनआंदोलन है.