INDIA

कोकरोंच पार्टी का लखनऊ में प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग तेज

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

TNP DESK: देशभर में परीक्षा संबंधी विवादों को लेकर शुरू हुआ छात्र आंदोलन अब उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंच गया है. कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके आज लखनऊ में छात्रों के साथ प्रदर्शन में शामिल होंगे. इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दबाव बनाना है.

यह प्रदर्शन लखनऊ के ईको गार्डन में आयोजित किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में छात्र और युवा समर्थकों के जुटने की संभावना है. आंदोलनकारी परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं. उनका आरोप है कि विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं के कारण लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है.

इस अभियान की शुरुआत 11 जून को पुणे से की गई थी. वहां आयोजित प्रदर्शन के दौरान सीजेपी ने एक "एग्जाम मेनिफेस्टो" भी जारी किया, जिसमें पेपर लीक जैसी घटनाओं की स्थिति में छात्रों को मुआवजा देने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई. पुणे के सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया था.

अभिजीत दीपके का कहना है कि NEET, CUET और अन्य महत्वपूर्ण परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों से करोड़ों छात्रों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन अब तक किसी स्तर पर जवाबदेही तय नहीं की गई है. उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो 20 जून को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा.

सीजेपी ने घोषणा की है कि यह अभियान देश के कई शहरों, जिनमें जयपुर, अमृतसर और बेंगलुरु शामिल हैं, तक पहुंचाया जाएगा. संगठन का दावा है कि सोशल मीडिया पर उसे युवाओं का व्यापक समर्थन मिल रहा है और छात्र न्याय की मांग को लेकर यह आंदोलन लगातार मजबूत होता जा रहा है.