☰
INDIA

CJP के आशुतोष और सौरभ दास 5 दिनों के न्यायिक हिरासत में, आधी रात में लिए गए हिरासत में

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के को- कॉनवेनेर सौरव दास और आशुतोष रांका समेत तीन लोगों को पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. मंगलवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने तीनों को हिरासत में लिया था. ये नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नारे लगा रहे थे.

अजिंक्य शिंदे, सौरव दास और आशुतोष रांका पुलिस बैरिकेड्स पार कर जंतर-मंतर में दाखिल हुए थे. इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया. बुधवार सुबह करीब आठ बजे तीनों को दिल्ली के मंदिर मार्ग इलाके में मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया. सुनवाई के बाद उन्हें पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का फैसला लिया गया.

बॉन्ड की शर्तों के उल्लंघन का आरोप

इससे पहले भी इन नेताओं पर कार्रवाई हो चुकी है. बताया जा रहा है कि पहले उन्हें 50 हजार रुपये का बॉन्ड भरने और एक साल तक शांति भंग करने वाली किसी गतिविधि में शामिल नहीं होने की शर्त पर रिहा किया गया था. हालांकि, इस बार पुलिस ने उन पर बिना अनुमति परिसर में प्रवेश करने और बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन करने के आरोप लगाए हैं.

पुलिस की कार्रवाई के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है. अब तीनों नेताओं को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

CJP की लीगल टीम ने क्या कहा?

मजिस्ट्रेट के सामने पेशी से पहले CJP की लीगल टीम की प्रमुख रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया पर इस मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस ने सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे को संसद मार्ग पुलिस स्टेशन में गिरफ्तार किया है.

रत्ना सिंह के मुताबिक, तीनों पर बिना अनुमति प्रवेश करने, बॉन्ड की शर्तें तोड़ने और सरकारी अधिकारी के काम में बाधा डालने जैसे आरोप लगाए गए हैं. फिलहाल, इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पर नजर बनी हुई है.