टीएनपी डेस्क(TNP DESK): SIR को लेकर देशभर में जारी विरोध के बीच दिवाली से पहले एक बार फिर कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रदर्शन का ऐलान किया है. इस बार CJP केरल के कोच्चि में जुटेगी. CJP के फाउन्डर अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि 7 नवंबर को कोच्चि में SIR के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. इस दौरान कोच्चि में ही जंतर-मंतर जैसा माहौल तैयार करने की बात कही गई है.
अभिजीत दीपके के मुताबिक, इस कार्यक्रम को 'कोच्चि में जंतर-मंतर' नाम दिया गया है. प्रदर्शन शाम 4 बजे से कोच्चि के राजेंद्र मैदान में होगा. इसके जरिए चुनाव आयोग से SIR की प्रक्रिया को तत्काल बंद करने और इसे रद्द करने की मांग उठाई जाएगी. इस प्रदर्शन में अभिजीत दीपके के साथ पार्टी के दक्षिण क्षेत्र प्रमुख विजय मल्लांगी और राष्ट्रीय सचिव आफरीन नवाज भी शामिल होंगे.
पहले भी दिल्ली में कर चुकी है प्रदर्शन
दरअसल, SIR के खिलाफ CJP पहले भी दिल्ली में प्रदर्शन कर चुकी है. पिछले महीने पार्टी के कई नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने पहुंचे थे. इनमें अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास समेत कई नेता शामिल थे. हालांकि, बिना अनुमति प्रदर्शन करने की कोशिश के दौरान दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था.
इसके बाद जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर भी विवाद हुआ. CJP के नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका ने वहां पहुंचकर तिरंगा फहराया था, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. करीब एक सप्ताह बाद उन्हें रिहाई मिली. वहीं, कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में तिरंगा कार्यक्रम की घोषणा करने वाले अभिजीत दीपके को भी दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था. बाद में उन्हें कुछ शर्तों के साथ जमानत दी गई.
INDIA गठबंधन की रैली को भी दिया था समर्थन
वहीं, 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली को CJP ने समर्थन तो दिया था, लेकिन पार्टी इस रैली में शामिल नहीं हुई थी. अब दिल्ली के बाद CJP ने केरल को अपने अगले प्रदर्शन के लिए चुना है. 7 नवंबर को होने वाले इस कार्यक्रम में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जुटेंगे. ऐसे में देखना होगा कि कोच्चि में होने वाला यह प्रदर्शन कितना बड़ा होता है और SIR को लेकर पार्टी अपनी बात किस तरह सामने रखती है.