INDIA

CJP PROTEST: पेपर लीक पर छात्रों का हल्ला बोल! जंतर-मंतर पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक डटे रहेंगे कॉकरोच

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन रविवार को भी जारी रहेगा. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और उसके संस्थापक अभिजीत दीपके के अगुवाई में चल रहे इस आंदोलन में देशभर से पहुंचे छात्र, युवा और समर्थक लगातार शामिल हो रहे हैं. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपना इस्तीफा नहीं देते, तब तक जंतर-मंतर पर यह धरना जारी रहेगा.

शनिवार को शुरू हुआ प्रदर्शन दोपहर 1 बजे से लेकर पूरी रात चलता रहा. देर रात तक बड़ी संख्या में लोग जंतर-मंतर पर मौजूद रहे और शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग उठाते रहे. प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना है कि लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए.

आंदोलन के दौरान रात में कुछ समय के लिए स्थिति गंभीर भी हो गई. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि रात के दौरान उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा. उनका दावा है कि बाहर से आने वाले लोगों को अंदर पहुंचने में दिक्कत हुई और प्रदर्शन स्थल तक पानी पहुंचाने में भी दिक्कत पैदा हुईं. कुछ प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि देर रात बिजली भी काट दी गई थी, जिससे अंधेरे में लोगों को काफी परेशानी हुई. इसके अलावा कुछ समय के लिए शौचालयों के उपयोग को लेकर भी दिक्कतें सामने आईं.

हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई, बिजली की व्यवस्था बहाल कर दी गई और बाकी जरूरी सुविधाएं भी मुहैया करा दी गईं. इसके बाद “ये अंदर की बात हैं, पुलिस हमारे साथ हैं” के नारों से पूरा जंतर मंतर गूंज उठा. रातभर कई लोग जंतर-मंतर पर ही बैठे रहे और अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाते रहे.

CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन स्थल से लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह आंदोलन केवल एक परीक्षा या एक भर्ती प्रक्रिया का मुद्दा नहीं है, बल्कि देश के करोड़ों छात्रों के भविष्य से जुड़ा सवाल है. उन्होंने कहा कि सालों तक मेहनत करने वाले छात्रों को बार-बार पेपर लीक जैसी घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे युवाओं का भरोसा व्यवस्था से उठता जा रहा है.

अभिजीत दीपके ने यह भी कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा, लेकिन मांगों से पीछे हटने का सवाल नहीं है. उनके अनुसार जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते और मामले में जवाबदेही तय नहीं होती, तब तक जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा. उन्होंने देशभर के युवाओं से इस आंदोलन में जुड़ने और अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की.

रविवार सुबह भी प्रदर्शन स्थल पर लोगों का पहुंचना जारी रहा. अलग अलग राज्यों से आए छात्र और समर्थक आंदोलन में शामिल हो रहे हैं. आयोजकों का दावा है कि आने वाले दिनों में भी आंदोलन जारी रहेगा. फिलहाल जंतर-मंतर पर माहौल पूरी तरह आंदोलनमय है और प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं.