INDIA

प्रोटेस्ट से पहले CJP ने जारी किया Do's and Don't, जानिए क्या है पूरा प्लान

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

TNP DESK: देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों CJP यानी कॉकरोच जनता पार्टी ने आज यानी 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक दिवसीय प्रदर्शन का ऐलान किया है.आयोजकों ने इसे "फाइनल नोटिस" बताते हुए बड़ी संख्या में छात्रों, अभिभावकों और आम नागरिकों से शामिल होने की अपील की है.

 

प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों को सुबह 9 बजे संसद मार्ग थाना पहुंचने के लिए कहा गया है. इसके बाद सभी लोग जंतर-मंतर की ओर रवाना होंगे. आयोजकों का कहना है कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और अनुशासित रहेगा तथा इसका उद्देश्य भारतीय शिक्षा प्रणाली में सुधार की मांग उठाना है.

 

प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों से तिरंगा और एक किताब साथ लाने की अपील की गई है. साथ ही सभी से अपने मोबाइल फोन से कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग करने और सोशल मीडिया पर लाइव रहने को कहा गया है, ताकि गतिविधियों की पारदर्शिता बनी रहे.

 

आयोजकों ने प्रतिभागियों को धूप से बचने के लिए टोपी पहनने, सनस्क्रीन लगाने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है. इसके अलावा लोगों से समूह में आने और प्रदर्शन में शामिल होने से पहले भोजन कर लेने की भी अपील की गई है.

 

निर्देशों में यह भी कहा गया है कि यदि कोई उपद्रवी या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी जाए. किसी भी प्रकार के टकराव, बहस या उकसावे से बचने की सलाह दी गई है. प्रदर्शनकारियों से ट्रोल्स और भड़काऊ तत्वों को नजरअंदाज करने को कहा गया है.

 

आयोजकों ने लोगों से पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान दिखाने और उन्हें फूल भेंट कर धन्यवाद देने की भी अपील की है. प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी, लेकिन इसे पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से करने पर जोर दिया गया है.