टीएनपी डेस्क (TNP DESK): जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर सोमवार को उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके पर प्रदर्शन के दौरान दो युवकों ने अचानक हमला कर दिया. अभिजीत दीपके नीट (NEET) पेपर लीक, बेरोजगारी, लचर शिक्षा व्यवस्था और युवाओं से जुड़े अन्य ज्वलंत मुद्दों को लेकर सैकड़ों प्रदर्शनकारियों के साथ विरोध जता रहे थे. इसी बीच, जब कुछ समर्थक अभिजीत को अपने कंधे पर बैठाकर भीड़ के बीच ला रहे थे, तभी प्रदर्शनकारियों की भीड़ से निकलकर दो युवकों ने उन पर ताबड़तोड़ थप्पड़ बरसाने शुरू कर दिए.
इस अचानक हुए थप्पड़ कांड के बाद धरना स्थल पर अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति बन गई. मुस्तैद सीजेपी (CJP) समर्थकों ने तुरंत दोनों हमलावर युवकों को घेर लिया. इनमें से एक युवक तो किसी तरह चकमा देकर मौके से भागने में सफल रहा, लेकिन दूसरे युवक को समर्थकों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी. प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी को लेकर भी विवाद की स्थिति बनी, जिसके बाद पुलिस को बीच-बचाव करने के लिए दखल देना पड़ा. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में ले लिया है.
हालांकि, इस घटना और भारी हंगामे के बावजूद अभिजीत दीपके का हौसला नहीं डिगा और उन्होंने मंच से प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया. इस आंदोलन में शामिल युवा हाथों में तिरंगा और 'मुझे देश से प्यार है, भ्रष्टाचार अस्वीकार है' तथा 'पेपर लीक बंद करो' जैसी तख्तियां लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे. हंगामे के बीच धरना स्थल पर कई प्रदर्शनकारियों के मोबाइल भी चोरी हो गए, जिसके बाद आयोजकों को मंच से लोगों को अपने सामान के प्रति सतर्क रहने की अपील करनी पड़ी.