TNP DESK- अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील के साले सलीम फ्रूटवाला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो उसके बेटे की शादी का है. वीडियो में सलीम फ्रूटवाला जमकर डांस करता नजर आ रहा है. इस दौरान उस पर और अन्य डांस करने वालों पर नोट भी उड़ाए जा रहे हैं.
वीडियो सामने आने के बाद सलीम फ्रूटवाला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है. सलीम को मोहम्मद सलीम कुरैशी और सलीम फ्रूट के नाम से भी जाना जाता है. वह भगोड़े अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील का साला बताया जाता है.
गंभीर आपराधिक मामलों में रहा है नाम
सलीम फ्रूटवाला फिलहाल शर्तों के साथ जमानत पर बाहर बताया जा रहा है. उसके खिलाफ जबरन वसूली, संपत्ति पर कब्जा करने और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर मामलों में जांच एजेंसियां कार्रवाई कर चुकी हैं.
NIA ने 2022 में किया था गिरफ्तार
गौरतलब है कि 4 अगस्त 2022 को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने दाऊद इब्राहिम गिरोह की कथित आतंकी गतिविधियों और टेरर फंडिंग से जुड़े मामले में सलीम फ्रूटवाला को गिरफ्तार किया था.
अब जमानत पर बाहर रहते हुए बेटे की शादी में डांस करने का वीडियो वायरल होने के बाद सलीम फ्रूटवाला एक बार फिर चर्चा में है. इस वीडियो को लेकर उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि और जांच एजेंसियों की पूर्व कार्रवाई भी सुर्खियों में आ गई है.
