INDIA

बड़ी खबर: पश्चिम बंगाल के हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स की पाइपलाइन में भीषण विस्फोट, 15 लोग झुलसे

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
बड़ी खबर: पश्चिम बंगाल के हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स की पाइपलाइन में भीषण विस्फोट, 15 लोग झुलसे

टीनपी डेस्क (TNP DESK): पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में स्थित हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स की नैप्था सप्लाई पाइपलाइन में मंगलवार तड़के करीब चार बजे एक भीषण विस्फोट हुआ. इस धमाके के बाद इलाके में भयानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते हल्दिया नगर पालिका के वार्ड नंबर 13 स्थित चिरंजीबपुर इलाके को अपनी चपेट में ले लिया. अचानक हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए अपने घरों से बाहर भागने लगे. इस दर्दनाक हादसे में अब तक कम से कम 15 लोगों के गंभीर रूप से झुलसने की खबर है, जबकि आग की विभीषिका पर काबू पाने के लिए दमकल की 12 गाड़ियां लगातार मौके पर मशक्कत कर रही हैं.

घटना की सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों और बचाव दल ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी 15 घायलों को मलबे और आग के बीच से बाहर निकाला. सभी को तुरंत हल्दिया महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से पांच लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए तमलुक मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो मरीजों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. हादसे की खबर पाकर हल्दिया के विधायक प्रदीप बिजली तुरंत अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना. उन्होंने आशंका जताई कि पाइपलाइन से नैप्था गैस के रिसाव के कारण यह ब्लास्ट हुआ है, हालांकि पेट्रोकेमिकल्स प्रबंधन ने बयान जारी कर कहा है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.

इस औद्योगिक हादसे का सीधा असर स्थानीय रेल सेवा पर भी पड़ा है. जिस जगह पाइपलाइन में विस्फोट हुआ, उसके ठीक पास से हल्दिया-पांशकुड़ा रेल मार्ग गुजरता है. आग की भीषण लपटों के कारण रेलवे की ओवरहेड बिजली लाइन और ट्रांसफार्मर पूरी तरह जल गए हैं, साथ ही रेलवे ट्रैक का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ है. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने हल्दिया से हावड़ा जाने वाली यात्री ट्रेनों को रोक दिया है, जिससे रेल यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है. फिलहाल पूरे औद्योगिक क्षेत्र में दहशत का माहौल है और प्रशासनिक टीमें राहत कार्य के साथ-साथ स्थिति को सामान्य बनाने में जुटी हैं.