INDIA

बड़ी खबर: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, बस पलटने से पांच की मौत, 17 घायल

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीनपी डेस्क (TNP DESK): आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. देवखरी गांव के पास तेज रफ्तार स्लीपर बस डिवाइडर तोड़ते हुए सामने से आ रही अर्टिगा कार से टकरा गई और फिर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई. हादसे में अर्टिगा कार सवार पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि बस में सवार करीब 17 यात्री घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है.

जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ जिले के खैरा क्षेत्र निवासी बस चालक मोहित करीब 85 यात्रियों को लेकर हरियाणा से बिहार जा रहा था. बस यात्रियों के मुताबिक चालक नशे की हालत में था. बुधवार सुबह करीब पांच बजे जब बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर देवखरी गांव के पास पहुंची, तभी चालक को झपकी आ गई. इसके बाद करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही बस अनियंत्रित हो गई.

बस डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पहुंच गई और लखनऊ से आगरा की ओर जा रही अर्टिगा कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक 5 वर्षीय बच्ची और 13 वर्षीय किशोरी भी शामिल हैं.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी हुई है. वहीं हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है. प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही और नींद आने को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है.